गौसपुर गोलीकांड का 12 घंटे में खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

फोटो - सहरसा - सलखुआ थाना में गौसपुर गोली कांड के पीसी करते सीडीपीओ | Prabhat Khabar Network
सहरसा के गौसपुर गोलीकांड में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जमीन विवाद के चलते हुई थी फायरिंग, अन्य की तलाश जारी है।
सलखुआ (सहरसा). गौसपुर गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर ने पुलिस इंस्पेक्टर निवास कुमार के साथ सलखुआ थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुरुवार को गौसपुर गांव में एसएच-95 के पास अंधाधुंध फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर, अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता पीएसआइ दीपक कुमार राम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
दो अलग-अलग स्थानों से दबोचे गए आरोपित
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित हंसराज यादव को खैरा थाना क्षेत्र के सौरबाजार स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया. वहीं दूसरे आरोपित वंशराज यादव को सदर थाना क्षेत्र के सुखासन स्थित उसके ननिहाल से गिरफ्तार किया. दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
जमीन विवाद में हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस के अनुसार, गौसपुर गांव में एसएच-95 किनारे स्थित एक मछली आढ़त के पास एक पक्ष घर का निर्माण करा रहा था. इसी दौरान दो बाइक पर सवार करीब पांच बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
गर्दन में गोली लगने से युवक गंभीर घायल
घटना में राजा कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके गर्दन में गोली लगी. स्थानीय लोगों की मदद से उसे अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. जल्द ही शेष आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : डीआइजी के औचक निरीक्षण में एक्शन : सदर थाने के तीन पुलिसकर्मी निलंबित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










