सहरसा में एक माह की मासूम बेटी को छोड़ विवाहिता ने लगाई फांसी, परिवार में मचा कोहराम

सहरसा में एक माह की मासूम बेटी को छोड़ विवाहिता ने लगाई फांसी
Saharsa Suicide Case: हरसा के सिमरी बख्तियारपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक माह की मासूम बच्ची को छोड़ 22 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
आयुष कुमार, सिमरी बख्तियारपुर.
Saharsa Suicide Case: बलवाहाट थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत अंतर्गत हरियो गांव में एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान नवहट्टा प्रखंड के हाटी गांव निवासी रौशन यादव की पत्नी निधि कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है.
कमरे का दरवाजा तोड़ते ही उड़ गए होश
मृतका की मां सुनीता देवी ने बताया कि मंगलवार की शाम निधि अपनी एक माह की बच्ची के साथ कमरे में थी. काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
इसके बाद जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देख परिवार के होश उड़ गए. निधि कुमारी फंदे से लटकी हुई थी. आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां ने दामाद रौशन यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में पति द्वारा प्रताड़ित किया जाने लगा.
परिजनों के अनुसार रौशन यादव दिल्ली में नौकरी करता था और पत्नी को करोल बाग इलाके में छोड़ दिया था. इसके बाद निधि 20 मार्च को मायके लौट आई थी. नौ अप्रैल को उसने बेटी को जन्म दिया था.
बेटी होने के बाद बढ़ी परेशानी
मृतका की मां का आरोप है कि बेटी पैदा होने के बाद पति का व्यवहार और अधिक खराब हो गया था. निधि मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दामाद लगातार पैसे की मांग करता था. कई बार रुपये भेजे गए, लेकिन बाद में बाइक की मांग की जाने लगी. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार यह मांग पूरी नहीं कर सका.
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना बुधवार सुबह पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, सर्किल इंस्पेक्टर निवास कुमार और बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार मौके पर पहुंचे.
एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










