Saharsa News: चिलचिलाती धूप में राहगीरों के लिए फरिश्ता बने सहरसा के युवा, सैकड़ों लोगों को पिलाया ठंडा पानी और शरबत

राहगीरों को पानी पिलाते युवा
Saharsa News: सहरसा में जब तेज धूप और उमस से लोग बेहाल थे, तब कुछ युवा सड़क किनारे खड़े होकर राहगीरों की प्यास बुझाने में जुटे थे. सहरसा में मानवता की यह मिसाल लोगों का दिल जीत रही है.
Saharsa News: सहरसा में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच जहां लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, वहीं एससीवी वेलफेयर ट्रस्ट के कार्यकर्ता राहगीरों की सेवा में जुटे हुए हैं. ट्रस्ट की ओर से सहरसा-हरदी मुख्य मार्ग पर राहगीरों को ठंडा पानी और शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई जा रही है. इस पहल को लोगों का भरपूर आशीर्वाद और सराहना मिल रही है.
गर्मी में राहत का बना केंद्र
एससीवी वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक हिमांशु प्रणव ने बताया कि गर्मी के मौसम में निर्जलीकरण की समस्या तेजी से बढ़ जाती है. विशेष रूप से लंबी दूरी तय करने वाले राहगीरों को स्वच्छ और ठंडे पेयजल की आवश्यकता होती है.
इसी उद्देश्य से ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने हरदी-सहरसा रोड स्थित भेलवा सुखासन के पास सेवा शिविर लगाकर लोगों को पानी और शरबत उपलब्ध कराया.
तीन सौ से अधिक लोगों की बुझाई प्यास
ट्रस्ट के अनुसार अभियान के दौरान तीन सौ से अधिक राहगीरों को ठंडा पानी और शरबत पिलाया गया. सड़क से गुजर रहे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया.
कई राहगीरों ने कहा कि तेज धूप में इस तरह की व्यवस्था लोगों को बड़ी राहत देती है और सामाजिक संगठनों की ऐसी पहल प्रेरणादायक है.
रक्तदान के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं हिमांशु प्रणव
हिमांशु प्रणव केवल गर्मी में राहत अभियान तक सीमित नहीं हैं. वे नियमित रक्तदाता के रूप में भी सामाजिक सेवा से जुड़े हुए हैं. जानकारी के अनुसार वे अब तक 16 बार रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद कर चुके हैं.
इसके अलावा उनके फाउंडेशन के माध्यम से सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया है, जिससे कई परिवारों को कठिन समय में सहायता मिली है.
सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
कार्यक्रम के दौरान ओमप्रकाश कुमार, मंसूर आलम, निखिल कृष्णा, गुरुनयन, रवि और अभिनव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने का संकल्प लिया.
भीषण गर्मी के बीच एससीवी वेलफेयर ट्रस्ट की यह पहल न केवल लोगों की प्यास बुझा रही है, बल्कि समाज में सेवा और मानवता का संदेश भी दे रही है.
Also Read: CM हाउस से अटैच नहीं होगा 5 देशरत्न मार्ग बंगला, क्या अब राबड़ी देवी आवास करेंगी खाली?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










