सहरसा जंक्शन पर रेल पुलिस की कार्रवाई, जनसाधारण एक्सप्रेस के लावारिस बैग से 46.65 लीटर विदेशी शराब बरामद
बरामद शराब के साथ रेल थाना पुलिस | Prabhat Khabar Network
सहरसा जंक्शन पर रेल पुलिस ने आनंद विहार-सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस से 46.65 लीटर विदेशी शराब जब्त की है. लावारिस बैग में शौचालय के पास मिली शराब से यात्रियों में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Saharsa News: सहरसा जंक्शन पर बुधवार तड़के रेल थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आनंद विहार-सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस से 46.65 लीटर विदेशी शराब बरामद की. शराब ट्रेन के सामान्य कोच में शौचालय के पास लावारिस बैग और बोरे में रखी हुई मिली. किसी यात्री द्वारा सामान पर दावा नहीं किए जाने के बाद पुलिस ने तलाशी ली और शराब जब्त कर ली. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
तड़के तीन बजे सहरसा पहुंची थी ट्रेन
जानकारी के अनुसार आनंद विहार-सहरसा 15532 जनसाधारण एक्सप्रेस बुधवार अहले सुबह करीब तीन बजे सहरसा जंक्शन पहुंची थी. ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद रेल थाना पुलिस नियमित गश्ती अभियान चला रही थी.
रेल थाना के अवर निरीक्षक सुदामा सिंह अपनी टीम के साथ ट्रेन के सामान्य कोचों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें कोच के पिछले हिस्से में शौचालय के पास एक बैग और एक बोरा संदिग्ध अवस्था में पड़ा दिखाई दिया.
यात्रियों से पूछताछ के बाद ली गई तलाशी
पुलिस टीम ने सबसे पहले आसपास मौजूद यात्रियों से बैग और बोरे के बारे में पूछताछ की. हालांकि किसी भी यात्री ने उस सामान को अपना नहीं बताया.
सामान पूरी तरह लावारिस मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली. जांच के दौरान बैग और बोरे के अंदर से कुल 46.65 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे जब्त कर लिया.
रेल पुलिस ने शुरू की अग्रिम कार्रवाई
शराब बरामद होने के बाद रेल थाना पुलिस ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी. खबर लिखे जाने तक पुलिस यह पता लगाने में जुटी थी कि शराब किस स्थान से लाई गई थी और इसे किसके लिए भेजा जा रहा था.
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि शराब ट्रेन में किस स्टेशन से चढ़ाई गई थी या उसे लेने वाला व्यक्ति कौन था.
Saharsa News: एएलटीएफ-2 रेल अंचल की टीम ने की कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई एएलटीएफ-2 रेल अंचल की टीम द्वारा की गई. रेल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए नियमित रूप से गश्त और जांच अभियान चलाया जा रहा है.
बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के कारण रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई गई है. पुलिस का कहना है कि संदिग्ध और लावारिस सामान की जांच लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










