पूर्व सैनिकों को अब जिले में ही मिलेंगी सभी सुविधाएं
Published by : Dipankar Shriwastaw Updated At : 05 Jun 2026 5:37 PM
विज्ञापन
देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के सम्मान और कल्याण की दिशा में जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गयी है.
विज्ञापन
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का डीएम ने किया शुभारंभ
सहरसा. देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के सम्मान और कल्याण की दिशा में जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गयी है. केंद्रीय विद्यालय के निकट शुक्रवार को नवस्थापित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने किया. इस कार्यालय के शुरू होने से अब सहरसा, मधेपुरा एवं सुपौल जिले के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को अपनी समस्याओं एवं आवश्यक सेवाओं के लिए भागलपुर नहीं जाना पड़ेगा. उद्घाटन समारोह में तीनों जिलों के बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, सैनिक विधवाएं एवं उनके आश्रित शामिल हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल संजय कुमार ने की. इस मौके पर जिलाधिकारी को मधुबनी पेंटिंग की चादर भेंट कर सम्मानित किया गया.सैनिक राष्ट्र की आत्मा और समर्पण के प्रतीक : डीएम
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि सैनिक केवल सीमा के प्रहरी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा, अनुशासन एवं समर्पण के जीवंत प्रतीक हैं. उन्होंने कहा कि सैनिक कल्याण कार्यालय उन वीर जवानों के सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र रक्षा के लिए समर्पित किया और आज भी समाज को मार्गदर्शन दे रहे हैं. जिलाधिकारी ने कहा कि अब पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को पेंशन, दस्तावेज सत्यापन, कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, शिकायत निवारण सहित अन्य सेवाओं के लिए भागलपुर नहीं जाना होगा. सभी आवश्यक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे समय, श्रम एवं धन की बचत होगी. इस मौके पर कर्नल संजय कुमार ने कहा कि यह कार्यालय पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के लिए सहायता एवं मार्गदर्शन केंद्र के रूप में कार्य करेगा. यह उनके अधिकारों एवं सुविधाओं को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा. कार्यक्रम के अंत में पूर्व सैनिकों ने इस पहल को जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई. राष्ट्रभक्ति, सम्मान और सेवा की भावना से ओतप्रोत यह समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ. इस मौके पर जिलाधिकारी ने नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










