Saharsa News : नीचा प्लेटफॉर्म बना हादसों का कारण

पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड पर स्थित कोपरिया रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की भारी कमी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) से आयूष की रिपोर्ट Saharsa News : पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड पर स्थित कोपरिया रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की भारी कमी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक का अब तक ऊंचीकरण नहीं होने से यात्रियों को ट्रेन पर चढ़ने और उतरने में काफी कठिनाई होती है. खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है. यात्रियों को हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लेटफॉर्म नीचा रहने के कारण कई यात्री गिरकर घायल हो चुके हैं, जबकि कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है. इसके बावजूद रेलवे प्रशासन अब तक इस गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं कर सका है.
पांच प्रखंडों के लोगों के लिए अहम स्टेशन
कोपरिया रेलवे स्टेशन सलखुआ सहित बनमा ईटहरी, सोनवर्षा राज, बेलदौर और चौथम प्रखंड के हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन है. रोजाना बड़ी संख्या में यात्री यहां से अपने गंतव्य के लिए सफर शुरू करते हैं. बावजूद इसके स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. स्टेशन परिसर स्थित शौचालय की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है. शौचालय में गंदगी का अंबार लगा है, दरवाजे टूटे हुए हैं और साफ-सफाई का कोई इंतजाम नहीं दिखता. शौचालय के बगल में लगा चापाकल भी खराब पड़ा है.ट्रेनों के ठहराव की मांग
स्थानीय लोगों ने कोपरिया स्टेशन पर राज्यरानी एक्सप्रेस, गरीब रथ और जनहित एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव होता है तो क्षेत्र के यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी. स्थानीय यात्रियों और सामाजिक संगठनों ने रेलवे प्रशासन से जल्द प्लेटफॉर्म ऊंचीकरण, शौचालय की मरम्मत तथा प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की है. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जायेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Md. Tazim
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से स्नातक कर 2018 से अलग-अलग हिंदी न्यूज चैनलों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं. न्यूज नेशन में बतौर एसोसिएट प्रोड्यूसर दो साल का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर, बिहार में समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. आसपास घटने वाली चीजों पर बारीकी से नजर बनाए रखना और उसका विश्लेषण कर सरल और समझने योग्य तरीके से खबरों को पेश करने में विशेषज्ञता.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










