ट्रांसफॉर्मरों से बिजली तार चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार, 16 मामलों का हुआ उद्भेदन
फोटो - प्रेसवार्ता में अंतरजिला तार चोरी गिरोह के खुलासे की जानकारी देते ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश.
सहरसा पुलिस ने अंतरजिला विद्युत तार चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 16 चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
Saharsa News: सहरसा. जिले में विद्युत ट्रांसफॉर्मरों से तार चोरी की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है. ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश ने प्रेसवार्ता में बताया कि सौरबाजार थाना पुलिस की कार्रवाई में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. इनकी गिरफ्तारी से सहरसा और मधेपुरा जिले में दर्ज कुल 16 मामलों का खुलासा हुआ है.
विशेष टीम ने चलाया अभियान
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से विभिन्न थाना क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मरों को क्षतिग्रस्त कर विद्युत तार चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं. इन मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की गई. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) तथा संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे.
पांच आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के भवानीपुर वार्ड संख्या-3 निवासी रामप्रवेश कुमार, रुपनगर निवासी छोटेलाल शर्मा, रुपनगर निवासी मुकेश शर्मा, सहरसा बस्ती निवासी सुशील कुमार तथा मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बेलो चमगाद निवासी सनीश कुमार के रूप में हुई है.
पूछताछ में स्वीकार की संलिप्तता
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने विद्युत तार चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया एक बंडल विद्युत तार भी बरामद किया गया है.
16 मामलों का हुआ खुलासा
प्रारंभिक जांच में सहरसा जिले के 12 तथा मधेपुरा जिले के चार मामलों का उद्भेदन हुआ है. इस प्रकार कुल 16 विद्युत तार चोरी के मामलों का खुलासा होने का दावा पुलिस ने किया है.
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
Saharsa News: ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से विद्युत तार चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा और ऐसे अपराधों में शामिल अन्य लोगों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










