पतरघट के कहरा गांव पहुंचे पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश, नई पंचायत गठन और नल-जल योजना की मांग उठी

Updated:
विज्ञापन

फोटो- कहरा में आयोजित सम्मान समारोह में मंत्री दीपक प्रकाश का स्वागत करतें लोग

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने सहरसा के कहरा गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। मुख्य मांगों में धबौली पश्चिमी पंचायत से कहरा को अलग कर नई पंचायत का गठन, नल-जल योजना में पानी की आपूर्ति शुरू कराना और खराब सोलर लाइटों की मरम्मत शामिल है।

विज्ञापन

Saharsa News: पतरघट (सहरसा). पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश शुक्रवार की शाम क्षेत्र के कहरा गांव पहुंचे, जहां उनका नागरिक अभिनंदन किया गया. इससे पहले उन्होंने पस्तपार बाजार स्थित जनार्दन मार्केट में शांति कार्तिक ग्लोबल स्कूल पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की. इसके बाद कहरा गांव में आयोजित समारोह में शामिल होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.

मिथिला परंपरा से हुआ मंत्री का स्वागत

कहरा गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंत्री दीपक प्रकाश का पाग, चादर और बुके देकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.

कहरा को अलग पंचायत बनाने की उठी मांग

ग्रामीणों ने धबौली पश्चिमी पंचायत से कहरा गांव को अलग कर नई पंचायत बनाने की मांग उठाई. उनका कहना था कि आबादी और क्षेत्रफल के आधार पर कहरा पंचायत बनने की सभी आवश्यक शर्तें पूरी करता है. अलग पंचायत बनने से सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा.

नल-जल योजना और सोलर लाइट का मुद्दा भी उठा

ग्रामीणों ने बताया कि हर घर नल-जल योजना के तहत जलमीनार का निर्माण होने के बावजूद अब तक घरों में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है. साथ ही पंचायत में लगी अधिकांश सोलर स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे रात में आवागमन में परेशानी और सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी रहती हैं.

स्वच्छता कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन

मंत्री के समक्ष स्वच्छता कर्मियों ने ज्ञापन सौंपकर बताया कि पिछले आठ माह से उनका मानदेय भुगतान नहीं हुआ है. उन्होंने लंबित भुगतान शीघ्र कराने और अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की.

मंत्री ने दिया कार्रवाई का भरोसा

समारोह को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का लिखित आवेदन उपलब्ध कराया जाए, ताकि संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

कहरा को अलग पंचायत बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि पंचायत परिसीमन को लेकर निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन जारी होने के बाद नियमानुसार आवेदन मिलने पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे.

युवाओं के रोजगार पर भी की चर्चा

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है. युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा.

काफी संख्या में लोग रहे मौजूद

Saharsa News: कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश सचिव रौशन पाठक ने की, जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष शैलेश झा ने किया. इस अवसर पर प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल, शिवेंद्र कुमार, जीशू विराट कुशवाहा, रौशन राजा, मुखिया अजय कुमार झा, पैक्स अध्यक्ष नवल किशोर चौधरी, जदयू नेता इंद्र कुमार झा, शिक्षाविद प्रभात मिश्र, सुभाष मिश्र, तरुण झा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Rajesh Kr Singh

लेखक के बारे में

By Rajesh Kr Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन