आमजन की आय बढ़ाने पर डीएम का फोकस, गांवों में उद्योग, मखाना व पर्यटन विकास को मिलेगी गति

Published by : Dipankar Shriwastaw Updated At : 10 Jun 2026 6:11 PM

विज्ञापन

बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सात निश्चय योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.

विज्ञापन

सात निश्चय योजनाओं की समीक्षा में संसाधनों के सर्वेक्षण, आदर्श विद्यालय, सिंचाई, सोलर योजना और सड़क चौड़ीकरण पर दिए कई अहम निर्देश

सहरसा. सरकार के विकासात्मक एवं लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सात निश्चय योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए. समीक्षा के दौरान आमजन की आय बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया गया.

गांवों में संसाधनों और रुचि का होगा सर्वेक्षण

जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि उद्योग विस्तार पदाधिकारियों के माध्यम से जिले के गांवों में उपलब्ध संसाधनों एवं लोगों की रुचि का विस्तृत सर्वेक्षण कराया जाए. सर्वेक्षण के आधार पर गांवों में लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने की कार्ययोजना तैयार की जाए. साथ ही इच्छुक लोगों को समय पर बैंक ऋण उपलब्ध कराने के लिए अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

मखाना एवं सब्जी उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

बैठक में मखाना की खेती एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर आय बढ़ाने वाली सब्जियों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए जिला उद्यान पदाधिकारी एवं जिला कृषि पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. वहीं लघु सिंचाई प्रमंडल को हर खेत तक सिंचाई का पानी सुगमता से पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.

प्रतिष्ठित विद्यालयों को बनाया जाएगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्येक प्रखंड के चिह्नित विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने तथा जिला स्कूल सहरसा एवं गर्ल्स हाई स्कूल सहरसा जैसे पुराने प्रतिष्ठित विद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया.

स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था पर भी जोर

स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पताल परिसरों में जलजमाव की समस्या के त्वरित समाधान हेतु सिविल सर्जन एवं नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया. साथ ही शहरी क्षेत्रों में नालों की उड़ाही एवं सफाई कार्य समय पर पूरा करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों एवं जमादारों का सहयोग लेने को कहा गया.

पर्यटन विकास और सोलर योजना में तेजी लाने का निर्देश

पर्यटन विकास के तहत मत्स्यगंधा परिसर, उग्रतारा मंदिर एवं मंडन मिश्र धाम के विकास कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को दिया गया. इसके अलावा इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की योजना को बढ़ावा देने के लिए विद्युत विभाग एवं अग्रणी बैंक प्रबंधक को समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से दो लेन चौड़ीकरण कराने के लिए संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को भी आवश्यक निर्देश दिए गए. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता निशांत, जिला योजना पदाधिकारी विशाल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र, सिविल सर्जन राजनारायण प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन