रोहतास में एनएच-120 पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर; चालक की मौत

Published by : Ragini Sharma Updated At : 25 May 2026 7:40 AM

विज्ञापन

Bihar Road Accident: रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र में एनएच-120 पर सोमवार तड़के एक अनियंत्रित ट्रक ने आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई.

विज्ञापन

Bihar Road Accident:(मनोज कुमार सिंह) एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर सड़कों पर देखने को मिला. आए दिन किसी न किसी जिले से सड़क हादसों की खबर सामने आ रही है. तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना इन दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजह बनता जा रहा है. ताजा मामला रोहतास जिले का है. जहां सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मामला सूर्यपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां एनएच-120 पर एक अनियंत्रित ट्रक ने आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, घटना सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के कल्याणी मोड़ के पास की है. बिक्रमगंज–डुमरांव मुख्य सड़क संख्या एनएच-120 पर एक अनियंत्रित ट्रक ने आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वही चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सूर्यपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.

इलाज के दौरान चालक की मौत

हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक की पहचान मुन्ना सिंह यादव के रूप में हुई है. उसकी उम्र लगभग 37 वर्ष बताई जा रही है. वह मऊ का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, मुन्ना सिंह यादव पेशे से ट्रक चालक था और माल लेकर बिहार की ओर आ रहा था. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत बिक्रमगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया. हालांकि उसकी हालत काफी गंभीर थी. इलाज के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया। चालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, जिससे यातायात सामान्य हो सका. हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-120 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

एनएच-120 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. कई बार प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा संकेतक और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

Also Read:कैमूर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में 50 बोतल शराब बरामद; फरार तस्कर की तलाश जारी

विज्ञापन
Ragini Sharma

लेखक के बारे में

By Ragini Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन