रोहतास स्कूल कांड: क्लासरूम में थैलियों में मिला मांस, प्रिंसिपल समेत 5 शिक्षक गिरफ्तार, पुलिस ने रसोइया को भी उठाया

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
Bihar News: रोहतास के एक सरकारी स्कूल में संदिग्ध मांस मिलने से हड़कंप मच गया. इस मामले में प्रिंसिपल समेत 5 शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है. सभी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है. जांच के लिए सैंपल FSL भेजा गया है.
Bihar News: रोहतास जिले के एक सरकारी स्कूल से सामने आई एक चौंकाने वाली घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. स्कूल के एक कमरे में संदिग्ध मांस मिलने के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया, वहीं प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है.
रामूडीह स्थित उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक क्लासरूम से तेज दुर्गंध आने लगी. बच्चों ने जब इसकी जानकारी अपने अभिभावकों को दी तो वे मौके पर पहुंचे. कमरे के एक कोने में काले रंग की चार प्लास्टिक थैलियां रखी थीं, जिनमें करीब 7 किलो से ज्यादा मांस मिला.
स्कूल परिसर में हंगामा, जुटी भीड़
जैसे ही यह खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंच गए. देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण वहां जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. करीब तीन घंटे तक स्कूल के बाहर नारेबाजी और हंगामा होता रहा. ग्रामीणों ने स्कूल के प्रिंसिपल और शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
5 शिक्षक सस्पेंड, 2 का ट्रांसफर
मामला बढ़ता देख प्रशासन ने तत्काल कदम उठाया. प्रिंसिपल समेत 5 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो अन्य शिक्षकों को दूसरे स्कूल में भेज दिया गया है. एक रसोइया को भी सस्पेंड किया गया है. सभी 6 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि स्कूल में कुल 200 छात्र पढ़ते हैं, जिनमें अलग-अलग समुदाय के बच्चे शामिल हैं.
सस्पेंडेड शिक्षकों की लिस्ट
- अख्तर अली (प्रभारी प्रधानाध्यापक)
- मो इमरान (विद्यालय अध्यापक)
- अनवर खान (विशिष्ट शिक्षक)
- सूफिया खातून (विद्यालय अध्यापक)
- हिना कौसर (विद्यालय अध्यापक)
प्रशासन और पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया. विक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. बिहार पुलिस ने हालात को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. इलाके में लगातार गश्त भी बढ़ा दी गई है.
FSL जांच से खुलेगा राज
रोहतास के एसपी रोशन कुमार ने बताया कि बरामद मांस के सैंपल को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मांस किस जानवर का है. पुलिस का कहना है कि बिना जांच रिपोर्ट के किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं होगा. फिलहाल कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है.
शिक्षा विभाग भी करेगा जांच
इस मामले को लेकर शिक्षा विभाग ने भी अलग से जांच शुरू कर दी है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्कूल में मांस कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसकी भूमिका है. यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और गांव में स्थिति को कंट्रोल कर लिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




