लूटकांड खुलासा, कैशियर, गार्ड व इलेक्ट्रिशियन सहित पांच धराये
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :13 Mar 2018 6:37 AM (IST)
विज्ञापन

छापेमारी में शामिल पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत पांच मार्च की रात गौरक्षणी मुहल्ला स्थित मॉल में हुई थी लूट सासाराम कार्यालय : वी मार्ट मॉल लूट कांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया. लूट कांड में शामिल मॉल के तीन कर्मचारियों व दो लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही 2.95 लाख रुपये […]
विज्ञापन
छापेमारी में शामिल पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत
पांच मार्च की रात गौरक्षणी मुहल्ला स्थित मॉल में हुई थी लूट
सासाराम कार्यालय : वी मार्ट मॉल लूट कांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया. लूट कांड में शामिल मॉल के तीन कर्मचारियों व दो लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही 2.95 लाख रुपये नकद व एक इंडिका कार पुलिस ने बरामद की है. लूट कांड के उद्भेदन को लेकर सदर डीएसपी आलोक रंजन ने सोमवार को नगर थाना परिसर में प्रेसवार्ता की. उन्होंने बताया कि पांच मार्च की रात शहर के गौरक्षणी मुहल्ला स्थित वी मार्ट मॉल में हुए लूट कांड का उद्भेदन कर लिया गया है. लूट के 13 लाख रुपये में से 2.95 लाख रुपये बरामद किये गये हैं.
लूट कांड में शामिल मॉल के कैशियर मुफस्सिल थाना के कठडिहरी गांव निवासी सुरेंद्र दूबे, इलेक्ट्रिशियन मॉडल थाना के तकिया मुहल्ला निवासी मनोज श्रीवास्तव व नाईट गार्ड विंदेश्वरी दूबे व दो लुटेरे परसथुआं थाना क्षेत्र के ओठवलिया गांव (वर्तमान पता शहर के गौरक्षण मुहल्ला स्थित यादव टोला) निवासी मनीष यादव उर्फ हनुमान तथा कठडिहरी निवासी गोल्डेन दूबे को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि सुरेंद्र दूबे व गोल्डेन दूबे आपस में चाचा-भतीजा हैं. उन्होंने बताया कि लूट कांड में शामिल अन्य की पहचान हो चुकी है. गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मॉल के सीसीटीवी का डीवीआर व अन्य सामानों की बरामदगी भी जल्द कर ली जायेगी.
डीएसपी ने कहा कि लूट कांड के उद्भेदन में अनुसंधानकर्ता रामनिहोरा राम, नगर थानाध्यक्ष बिलास पासवान, मुफस्सिल थानाध्यक्ष पवन कुमार, मॉडल थानाध्यक्ष मोहम्मद इरशाद, अगरेर थानाध्यक्ष कुमार गौरव, कोचस थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा, करगहर थानाध्यक्ष नंदन कुमार सिंह, मुफस्सिल इंस्पेक्टर जगनिवास सिंह, सिपाही चट्टान सिंह आदि की सराहनीय भूमिका रही है. पुलिस पुरस्कार के लिए अनुशंसा की जायेगी. उन्होंने कहा कि जल्द ही अन्य अपराधियों को पकड़ लिया जायेगा.
गौरतलब है कि गौरक्षणी मुहल्ले में बीते सोमवार पांच मार्च की रात करीब 11:30 बजे वी मार्ट मॉल में छह की संख्या में आये अपराधियों ने करीब 13 लाख रुपये नकदी सहित मॉल के सीसीटीवी का डीवीआर, करीब 35 हजार रुपये के कपड़े, कर्मचारियों के मोबाइल लूट लिये थे. अपराधियों ने लूट के दौरान एक हवाई फायर भी किया था.
अपने ही बयान में फंस गया कैशियर
वी मार्ट मॉल का कैशियर सुरेंद्र दूबे अपने ही बयान में फंस गया. डीएसपी के अनुसार, इस तरह के लूट कांड में अधिकांश नजदीकी कर्मचारी की संलिप्तता होने की संभावना ज्यादा होती है. पुलिस ने उसी लिंक पर काम किया और सफलता हासिल की. उन्होंने बताया कि अनुसंधान के क्रम में कैशियर ने कहा कि होली के दौरान बैंक बंद होने के कारण मॉल में कैश जमा हो गया था. सोमवार का सीएमएस एजेंसी की गाड़ी नहीं आने के कारण कैश बैंक में जमा नहीं हो सका. जब कैशियर के बयान को क्रॉस किया गया, तो पता चला कैशियर ने सीएमएस एजेंसी के कर्मचारी ने कैश जमा करने के लिए कैशियर को फोन किया था. लेकिन, वह किसी तरह बहाना बना कर कैश को मॉल में ही रोक लिया. जबकि, कैशियर रुपयों की गड्डी बनाकर और उसकी गिनती कर बैंक में जमा करने की तैयारी भी कर चुका था. रुपये मॉल में रख वह करीब दो बजे दिन में भोजन करने का बहाना कर मॉल से खिसक गया, ताकि उस पर किसी को शक नहीं हो. नाईट गार्ड घटना के समय मॉल के बाहर था, जबकि उसे अंदर होना चाहिए था. तभी तो लुटेरे उसे अपने गिरफ्त में ले लिये. कैशियर, गार्ड व इलेक्ट्रिशियन से पूछताछ में मिले सुराग पर पुलिस ने काम किया और अंतत: सफलता हाथ लगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




