बिहार: सासाराम में राजद नेता की हत्या, लोगों ने किया सड़क जाम, मुंगेर में भी बदमाशों ने बुजुर्ग का गला रेता

Updated at : 15 Feb 2024 9:51 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार: सासाराम में राजद नेता की हत्या, लोगों ने किया सड़क जाम, मुंगेर में भी बदमाशों ने बुजुर्ग का गला रेता

बिहार के सासाराम और मुंगेर में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है. दोनों जगहाें पर पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है. आक्रोशितों ने सासाराम में सड़क जाम किया है. पुलिस ने शवों को बरामद कर लिया है.

विज्ञापन

बिहार के सासाराम में एक अधेड़ की हत्या से सनसनी फैली है. मृतक राजद के एक नेता बताए जा रहे हैं. बुधवार को लापता हुए उक्त व्यक्ति का शव गुरुवार को बरामद हुआ है. जिसके बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम किया है. वहीं दूसरी ओर मुंगेर में भी एकवृद्ध की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गयी. दोनों घटनाओं में शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

सासाराम में राजद नेता की हत्या

सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गायघाट में एक अधेड़ की हत्या कर दी गयी. मृतक की पहचान रामश्रय पाल के पुत्र केशव पाल (उम्र 54 साल) के रूप में हुई है जो राजद नेता भी थे. बताया जा रहा है वह अपने अमरा तालाब स्थित क्लीनिक से घर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी हत्या गोली मारकर कर दी गयी. देर रात तक जब वह अपने घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. लेकिन रात तक उनका कोई अता-पता नहीं चला.

गुरुवार सुबह शव बरामद

बताया गया कि गुरुवार को अहले सुबह ग्रामीणों की नजर एक शव पर पड़ी. लोगों ने चांदनी चौक कारवांडिया पहाड़ के पास मोटरसाइकिल एवं शव को देखा तो तुरंत पीड़ित परिवार को इसकी सूचना दी. ग्रामीणों के सहयोग से शव को लेकर पुरानी जीटी रोड लाया गया. जहां जमकर प्रदर्शन किया गया. ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल पर डीएम व एसपी नहीं पहुंचते हैं तो हम लोग शव को लेकर पोस्ट ऑफिस चौराहा को जाम करेंगे.

(सासाराम से डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

Also Read: बिहार: सासाराम में मैट्रिक परीक्षार्थी जख्मी, भोजपुर में ट्रक-कार की टक्कर, पटना में डिवाइडर पर चढ़ी कार
मुंगेर में बुजुर्ग की हत्या

इधर, मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के विजयनगर निवासी 60 वर्षीय वृद्ध नागे मंडल की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई. घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया. पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है.

बासा पर हत्या, शव बरामद

बताया जाता है कि विजयनगर निवासी मृतक नागे मंडल विजयनगर गांव के पीछे बहियार में जखराज बाबा स्थान के नजदीक एक बासा बनाकर अपने मवेशी के साथ रहते थे. वह चापानल मिस्त्री का काम करते थे. मृतक की पत्नी रंका देवी ने बताया कि बुधवार की रात 10 बजे वह अपने पति को खाना पहुंचाकर अपने विजयनगर स्थित आवास पर चली आई. परंतु जब गुरुवार की सुबह 5 बजे अपने अपने मवेशियों को खाना देने के लिए गई तो देखा कि मेरे पति लहु लुहान अवस्था में मृत पड़े हुए हैं. किसी ने धारदार हथियार से मेरे पति का गला रेत दिया था.

परिजनों में मचा कोहराम

हत्या की खबर सुनते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. मृतक अपने पीछे पांच पुत्री एवं दो पुत्र छोड़ गए है. जिनमें चार पुत्रियों एवं एक पुत्र की शादी हो चुकी है. इस घटना से गांव वाले भी हैरान हैं. पुलिस हत्या के कारण की जांच में जुटी है.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन