ePaper

पटना में 12 जून को विपक्ष की बैठक में नहीं आयेंगे राहुल गांधी व खरगे, टल सकती है बैठक

Updated at : 05 Jun 2023 6:35 AM (IST)
विज्ञापन
पटना में 12 जून को विपक्ष की बैठक में नहीं आयेंगे राहुल गांधी व खरगे, टल सकती है बैठक

पटना में 12 जून को को होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल नहीं होंगे. यह बैठक ज्ञान भवन में होगी जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है.

विज्ञापन

आगामी 12 जून को पटना में देश भर के विपक्षी दलों के नेता जुटेंगे. इस दिन दोपहर बाद दिन के दो बजे से ज्ञान भवन में विपक्षी दलों की बैठक होनी है. लेकिन इस बैठक को अब झटका लगता नजर आ रहा है. इस बैठक में राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल नहीं होंगे.

न खरगे, न राहुल होंगे शामिल 

बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि 12 जून को पटना में होने वाली महागठबंधन की बैठक में राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 12 जून तक विदेश दौरे पर हैं. अगर वे भारत में रहते तो बैठक में जरूर आते. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राहुल गांधी की बात भी हुई है.

कांग्रेस से एक बड़े राज्य के मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता बैठक में भाग लेंगे

पटना के बापू सभागार में रविवार को एक कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश प्रसाद सिंह ने मीडिया को बताया कि महागठबंधन की उक्त बैठक में कांग्रेस से एक बड़े राज्य के मुख्यमंत्री और एक वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि अभी फिलहाल वे इतना ही कह सकते हैं. उल्लेखनीय है कि विपक्षी एकता और लोकसभा चुनाव में आगे की रणनीति के लिए 12 जून को नीतीश कुमार की ओर से पटना में महागठबंधन दलों की बैठक आयोजित की गयी है.

टल सकती है बैठक 

सूत्रों के अनुसार भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों की पटना में 12 जून को होने वाली महा बैठक टल सकती है. सभी विपक्षी दलों से राय ली जा रही है. सबकी सहमति से अगली तिथि पर शीघ्र ही निर्णय लिये जाने की संभावना है. इसकी मुख्य वजह कई महत्वपूर्ण नेताओं के 12 जून की बैठक में शामिल नहीं होना बतायी जा रही है. इस बैठक के टलने से जुड़े पत्रकारों के सवाल पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी कहा है कि बैठक को लेकर आप लोगों को पूरी जानकारी जल्द दी जायेगी. हालांकि, वे खुलकर बोलने से बचते रहे.

बैठक में इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा 

ऐसा माना जा रहा है कि इस बैठक में भाजपा के खिलाफ गोलबंद होने, सीटों के तालमेल को लेकर समन्वय समिति बनाने, सभी सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ विपक्ष का साझा उम्मीदवार उतारे जाने तथा चुनाव के बाद नयी सरकार बनी तो न्यूनतम साझा कार्यक्रमों में क्या मुद्दे हों, इस पर विचार किया जायेगा.

Also Read: पटना में गर्लफ्रेंड की डिमांड पूरी करने के लिए दो भाइयों ने शुरू किया अवैध शराब व लूट का धंधा, चार गिरफ्तार
ये हो सकते हैं शामिल 

विपक्षी दलों की इस बैठक में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, एनसीपी से शरद पवार, शिवसेना से उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, भाकपा माले से राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य के शामिल होने की बात कही जा रही है. वहीं सीपीएम के सीताराम येचुरी और सीपीआइ के डी राजा भी बैठक में शामिल हो सकते हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन