पूर्णिया-कटिहार NH 131A पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से महिला की मौत
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण
पूर्णिया जिले में NH 131A पर एक अनियंत्रित कार ने पैदल जा रही महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है.
पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्णिया-कटिहार राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 131A) पर श्रीनगर के पास बीती देर शाम एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मटिया गांव निवासी 35 वर्षीया महिला की मौत हो गई. हादसे के बाद कार चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर मौके से भागने में सफल रहा.
रिश्तेदार के घर पैदल जाने के दौरान पीछे से मारी टक्कर
मृतका की पहचान रजीगंज पंचायत के मटिया गांव निवासी 35 वर्षीया करी देवी (पति: प्रकाश ऋषि देव) के रूप में हुई है. परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करी देवी अपने घर से पैदल ही अपने रिश्तेदार को हरी सब्जी देने दीवानगंज जा रही थीं. वह सड़क किनारे अपनी सही दिशा में चल रही थीं, तभी रानीपतरा की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं.
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की एम्बुलेंस सेवा को सूचित किया. ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH पूर्णिया) ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस कर रही अज्ञात कार की तलाश
सड़क दुर्घटना में महिला की मौत की खबर मिलते ही रजीगंज पंचायत के मटिया गांव में मातम छा गया. मृतका के पति प्रकाश ऋषि देव और पुत्र गन्नू ऋषि समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










