समाज को सांस्कृतिक चेतना का संदेश दे गया श्रीराम सेवा संघ का समारोह

संघ के 12 वें स्थापना दिवस पर धर्म अध्यात्म से जुड़े कार्यक्रम आयोजित
संघ के 12 वें स्थापना दिवस पर धर्म अध्यात्म से जुड़े कार्यक्रम आयोजित
समाज के विशिष्ट लोगों के साथ सम्मानित किए गये श्री राम सेवा संघ के सदस्य
पूर्णिया. विद्या विहार आवासीय विद्यालय परोरा के ऑडिटोरियम में आयोजित श्रीराम सेवा संघ के 12 वें स्थापना दिवस समारोह में सनातन संस्कृति, संस्कार और सामाजिक एकता का एक अद्भुत संगम दिखा जो समाज में सांस्कृतिक चेतना का भी सशक्त संदेश दे गया. इसमें संघ के सदस्यों के साथ मातृशक्ति की भागीदारी ने समारोह की गरिमा बढ़ा दी. दीप प्रज्जवलन के बाद हनुमान चालीसा के पाठ से समारोह की शुरुआत हुई और फिर पूरा ऑडिटोरियम ‘जय श्री राम’, ‘जय हनुमान’ और ‘जय बजरंगबली’ के जयकारा से गूंज उठा. श्री राम सेवा संघ के सदस्यों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों से आए गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायी. इस अवसर पर श्रीराम सेवा संघ द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मयोगियों को सम्मानित किया गया. सम्मान में उन्हें भगवान श्रीराम अंकित पट्टिका एवं हनुमान जी की गदा का प्रतीक चिह्न भेंट किया गया. इस क्रम में सबसे पहले जिले के जाने माने शल्य चिकित्सक डॉ. ए.के. गुप्ता को सम्मानित किया गया. इसके बाद डॉ. गुप्ता ने डॉ. विकास कुमार एवं डॉ. तारकेश्वर को सम्मानित किया. समाजसेवी दंपति डॉ. अंगद चौधरी एवं डॉ. आभा चौधरी को विशेष सम्मान प्रदान किया गया. जिनके कार्य समाज में सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं. इसी कड़ी में सेवानिवृत्त डीएसपी एस.के. सरोज, मनोज पटोदिया, परिमल सिंह, अंबुज भारद्वाज, अविनाश मिश्र, बुद्धन सिंह एंड टीम, श्री राम जानकी महावीर मंदिर समिति, चित्रवाणी सेवा समिति एवं करण यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया. समारोह में प्रेस क्लब पूर्णिया के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह सहित कई पत्रकार भी सम्मानित किए गये.
महिलाओं को मिला सम्मान
समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं को भी सम्मानित किया गया. विशेष रूप से पूजा कुमारी को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया, जिन्होंने एक असहाय बालिका को संरक्षण देकर उसे सुरक्षित उसके अभिभावकों तक पहुंचाया. इस मौके पर श्री राम सेवा संघ महिला विंग की अध्यक्ष पल्लवी मिश्रा, कात्यायनी मिश्रा, मुरारी सिंह, विद्या विहार के डायरेक्टर राजेश मिश्रा, संस्थापक राणा प्रताप सिंह, संचालक आतिश सनातनी सहित संगठन के सभी सदस्यों, युवाओं और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली.
स्कूली बच्चों ने दी लघु नाटिका की प्रस्तुति
समारोह में शहर के ब्रेन डिस्कवरी स्कूल के बच्चों ने रामायण पर आधारित एक लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसमें भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और धर्म पालन की प्रेरणा को जीवंत मंचन किया गया. बच्चों की इस प्रस्तुति ने सभी के हृदय को स्पर्श किया और भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की अनुभूति कराई. समारोह में संस्थापक राणा प्रताप सिंह द्वारा मंच का संचालन प्रभावोत्पादक रहा. उन्होंने सभी अतिथियों का परिचय उनके सामाजिक योगदान के साथ कराया और उनके कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि किस प्रकार उनके प्रयास समाज को सशक्त बना रहे हैं. सम्मान के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता रहा. समारोह में साइकलिंग एसोसिएशन के कई गणमान्य सदस्य पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




