प्रखंड मुख्यालय की दुकानों से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई, दो दुकानों पर प्रशासन का शिकंजा

प्रखंड मुख्यालय परिसर में कब्जामुक्त कराई गई दुकान की चाबी जय गुरु स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष उर्मिला देवी को सौंपते बीडीओ किशोर कुणाल.
पूर्णिया पूर्व में प्रशासन ने स्वयं सहायता समूहों को आवंटित दुकानों पर सालों से जमे अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार को हुई कार्रवाई में दो दुकानों को खाली कराया गया, जिससे स्वयं सहायता समूहों में खुशी की लहर है.
पूर्णिया पूर्व : प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्वयं सहायता समूहों को आवंटित दुकानों पर वर्षों से जमे कथित अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी किशोर कुणाल के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान दो दुकानों पर कार्रवाई की गई.
एक दुकान सील, दूसरी का कब्जा हटाया
अभियान के दौरान दुकान संख्या-83 को सील कर दिया गया, जबकि दुकान संख्या-71 का ताला तोड़कर नया ताला लगाया गया. इसके बाद दुकान की चाबी जय गुरु स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष उर्मिला देवी को सौंप दी गई.
जांच में मिलीं अनियमितताएं
बीडीओ किशोर कुणाल ने बताया कि प्रखंड परिसर की 101 दुकानों में से कई पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं. जांच में पाया गया कि दुकान संख्या-83 में वर्षों से कथित रूप से अवैध तरीके से सैलून संचालित किया जा रहा था और दुकान को किराये पर भी दिया गया था. इसके बाद दुकान को सील कर दिया गया.
वहीं वर्ष 2009 से जय गुरु स्वयं सहायता समूह के नाम आवंटित दुकान संख्या-71 को कब्जामुक्त कराकर समूह को सौंप दिया गया.
दुकान संख्या-69 को लेकर भी विवाद
बीडीओ ने बताया कि दुकान संख्या-69 का किराया वर्ष 2026 तक जमा है, लेकिन उसके प्रवेश द्वार पर अवरोध खड़ा कर दिया गया है. इसे हटाने के दौरान प्रशासनिक कार्रवाई का भी विरोध किया गया.
कार्रवाई से स्वयं सहायता समूह में खुशी
जय गुरु स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष उर्मिला देवी ने कहा कि वर्षों बाद उन्हें उनकी आवंटित दुकान का अधिकार मिला है. वहीं सैलून संचालक बिपिन कुमार ने बताया कि उन्होंने यह दुकान अशोक ठाकुर से किराये पर ली थी और प्रतिमाह पांच हजार रुपये किराया देते थे.
अभियान में उच्च वर्गीय लिपिक मोहम्मद रशीद जावेद सहित प्रखंड कार्यालय के कई कर्मी मौजूद रहे.
और पढ़ें : बिजली संकट और जेई से नोकझोंक के बाद ग्रामीण भूख हड़ताल पर, कार्रवाई की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










