टाट लगाने के विवाद में भाभी ने देवर पर किया धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर

Updated:
विज्ञापन
टाट लगाने के विवाद में भाभी ने देवर पर किया धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर

घायल रजनीश मंडल

पूर्णिया जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र में जमीन पर टाट (बाड़) लगाने को लेकर उपजे घरेलू विवाद में एक महिला ने अपने ही देवर पर जानलेवा हमला कर दिया. धारदार हथियार के वार से देवर के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

विज्ञापन

पूर्णिया के श्रीनगर से शाहजहां की रिपोर्ट:

सगे भाई और भाभी ने मिलकर किया जानलेवा हमला

पारिवारिक और जमीनी विवाद की यह सनसनीखेज घटना श्रीनगर थानाक्षेत्र अंतर्गत चनका पंचायत के वार्ड संख्या ग्यारह, मलेनियां रहिका गांव में आज मंगलवार सुबह घटित हुई. जानकारी के अनुसार, मलेनियां गांव का रहने वाला रजनीश कुमार मंडल सुबह अपने हिस्से की पैतृक भूमि की घेराबंदी करने के लिए टाट लगा रहा था. इसी दौरान उसकी सगी भाभी पतसया देवी और सगा भाई निरंजन कुमार मंडल वहाँ पहुँच गए और विरोध करने लगे. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भाभी ने देवर रजनीश मंडल के सिर पर धारदार हथियार से जोरदार वार कर दिया.

गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है इलाज

धारदार हथियार का वार लगते ही रजनीश कुमार मंडल लहुलूहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों के सहयोग से घायल रजनीश को तुरंत इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) श्रीनगर ले जाया गया. डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है, जहाँ उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है.

थाने में दिया आवेदन, मामले की जांच में जुटी पुलिस

इस खूनी संघर्ष के बाद पीड़ित पक्ष में भारी आक्रोश है. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल रजनीश मंडल की ओर से श्रीनगर थाने में अपनी भाभी पतसया देवी और भाई निरंजन कुमार मंडल के खिलाफ लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है. श्रीनगर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम घटना की हर पहलू से गहन जांच कर रही है. दोषियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन