पूर्णिया के कसबा में विराजे हैं विघ्नहर्ता 'श्री सिद्धिविनायक', बुधवार को मत्था टेकने उमड़ती है भारी भीड़
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 27 May 2026 10:50 AM
श्री सिद्धिविनायक मंदिर
Siddhivinayak Mandir: पूर्णिया जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर दूर कसबा के मुरारी टोल में स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर पूरे सीमांचल में आस्था का एक बड़ा केंद्र बन चुका है. ऐसी अटूट मान्यता है कि बुद्धि के अधिष्ठाता देव भगवान गणेश के इस दरबार में केवल दर्शन मात्र से ही भक्तों के बड़े से बड़े विघ्न (बाधाएं) दूर हो जाते हैं.
Siddhivinayak Mandir: पूर्णिया से अखिलेश चन्द्रा की रिपोर्ट: सनातन धर्म में भगवान श्रीगणेश को प्रथम पूज्य देव माना गया है. यही कारण है कि किसी भी मांगलिक या शुभ कार्य की शुरुआत करने से पहले सबसे पहले गणपति बप्पा की आराधना की जाती है. श्रीगणेश को विघ्नहर्ता, संकटमोचन और बुद्धि के दाता के रूप में पूजा जाता है. वैसे तो भगवान गणेश हर सनातनी के घर में विराजते हैं, लेकिन पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड स्थित ‘श्री सिद्धिविनायक मंदिर’ की महिमा निराली है. यहाँ प्रतिदिन, विशेषकर प्रत्येक बुधवार को, दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ विशेष पूजन-अनुष्ठान के लिए पहुंचते हैं.
मुरारी टोल में स्थित है मंदिर; लक्ष्मी और सरस्वती दोनों का है वरदान
यह भव्य मंदिर पूर्णिया-अररिया मुख्य मार्ग के समीप कसबा के मुरारी टोल में अवस्थित है. स्थानीय लोग बताते हैं कि कसबा इलाके की एक अनूठी खासियत है— यहाँ माता लक्ष्मी और मां सरस्वती दोनों का समान रूप से वरदान प्राप्त है. यही वजह है कि यह क्षेत्र न केवल व्यापार और धन-संपदा के मामले में समृद्ध है, बल्कि शिक्षा और बौद्धिक क्षमता के क्षेत्र में भी यहाँ के लोग बहुत आगे हैं. इसी पावन भूमि पर बना यह सिद्धिविनायक मंदिर पूरे इलाके को सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रखता है. यहाँ नियमित पूजा-अर्चना के अलावा गणेश चतुर्थी और अन्य विशेष उत्सवों पर मेले जैसा नजारा देखने को मिलता है.
प्रसिद्ध सर्जन डॉ. अनिल गुप्ता ने की थी स्थापना, भव्य प्रतिमा देख मंत्रमुग्ध होते हैं भक्त
मुरारी टोल स्थित इस मंदिर के गर्भगृह में प्रतिष्ठापित भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा अपनी अद्भुत कलाकृति, अलौकिक आध्यात्मिकता और दिव्यता से भक्तों को पहली ही नजर में मंत्रमुग्ध कर देती है. मंदिर परिसर में कदम रखते ही एक असीम शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
मंदिर का इतिहास:
इस मंदिर की स्थापना पूर्णिया के सुप्रसिद्ध शल्य चिकित्सक (Surgeon) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी पिंकी गुप्ता के द्वारा करवाई गई थी. उनके द्वारा प्राण-प्रतिष्ठित कराई गई भगवान गणेश की यह श्वेत व भव्य प्रतिमा क्षेत्र में बेहद शुभ और शांतिदायक मानी जाती है.
बुधवार को विशेष महाआरती, सुख-समृद्धि की मांगते हैं मन्नतें
श्री सिद्धिविनायक मंदिर को लेकर जिलावासियों में यह दृढ़ विश्वास है कि यहाँ सच्चे दिल से मत्था टेकने वाले हर भक्त की झोली बप्पा खुशियों से भर देते हैं. वैसे तो यहाँ प्रतिदिन सुबह और शाम वैदिक रीति-रिवाज से पूजा और आरती संपन्न की जाती है, लेकिन बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित होने के कारण इस दिन श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है.
बुधवार की सुबह से ही मंदिर परिसर शंखध्वनि, घंटियों की गूंज और पवित्र मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहता है. महाआरती और अनुष्ठान संपन्न होने के बाद श्रद्धालु बप्पा के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार की सुख, शांति, बेहतर स्वास्थ्य और समृद्धि की मन्नतें मांगते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं.
Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज बिगड़ा रहेगा मौसम, चार डिग्री तक गिरेगा पारा, IMD की एडवाइजरी जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










