पूर्णिया में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, जुलाई में 909 गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

एसएसपी डा. शौर्य सुमन | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया पुलिस ने जुलाई महीने में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत 909 आरोपियों को गिरफ्तार किया। शराब, नशीले पदार्थ और हथियारों की बरामदगी के साथ कई केस सुलझाए।

विज्ञापन

पूर्णिया : पूर्णिया पुलिस ने जुलाई 2026 में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और अवैध गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया. पुलिस की ओर से जारी उपलब्धि रिपोर्ट के अनुसार, जिले में विभिन्न मामलों में कुल 909 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 875 आरोपियों को जेल भेजा गया. इस दौरान हत्या, लूट, दुष्कर्म, पॉक्सो, चोरी, हथियार और नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गयी.

जुलाई में हत्या के मामलों में 13, हत्या के प्रयास में एक, लूट के मामलों में 11, दुष्कर्म के मामलों में 18 और पॉक्सो एक्ट के तहत 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई. अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत तीन, चोरी के मामलों में 35 और आर्म्स एक्ट के तहत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. अन्य मामलों में 745 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई. इसके अलावा 241 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया और 822 जमानतीय व गैर-जमानतीय वारंटों का निष्पादन किया गया.

कई संगीन मामलों का तेजी से हुआ खुलासा

जुलाई में पुलिस ने कई गंभीर मामलों का त्वरित उद्भेदन किया. सात जुलाई को मधुबनी थाना पुलिस ने लूटकांड का खुलासा करते हुए एक देशी कट्टा, मोटरसाइकिल और आईफोन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. 15 जुलाई को सरसी थाना पुलिस ने हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. वहीं 26 जुलाई को हत्या के एक मामले का छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए घटना में प्रयुक्त टोटो समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

28 जुलाई को सरसी थाना पुलिस ने मवेशी और मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल के साथ चार आरोपियों को पकड़ा. 29 जुलाई को अनगढ़ थाना पुलिस ने हत्या के मामले का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया. 30 जुलाई को सरसी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी गिरोह के एक आरोपी को तीन मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया. इसी दिन सदर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा. मरंगा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. 31 जुलाई को मरंगा थाना पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया.

शराब के खिलाफ 358 गिरफ्तार

अवैध शराब के खिलाफ अभियान में जुलाई में कुल 358 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें शराब की बिक्री और आपूर्ति से जुड़े मामलों में 138, शराब सेवन के मामले में 209 और शराब से जुड़े पुराने मामलों में 11 गिरफ्तारियां शामिल हैं. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1,640.84 लीटर विदेशी शराब और 1,216.62 लीटर देशी शराब बरामद की. इसके अलावा 14 लीटर कोरेक्स सिरप भी जब्त किया गया.

स्मैक और गांजा भी बरामद

नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में पुलिस ने 405.61 ग्राम स्मैक और 16.402 किलोग्राम गांजा बरामद किया. एनडीपीएस एक्ट के तहत 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. एक जुलाई को मुफस्सिल थाना पुलिस ने स्मैक के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया. इसके बाद मधुबनी, सहायक खजांची, धमदाहा, सदर और जलालगढ़ थाना क्षेत्रों में भी नशीले पदार्थों की बरामदगी के साथ कार्रवाई की गयी.

हथियार और कारतूस जब्त

अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने पांच देशी आग्नेयास्त्र, दो खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किये. दो जुलाई को मीरगंज थाना पुलिस ने देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया. छह जुलाई को सरसी थाना पुलिस ने देशी पिस्टल के साथ एक आरोपी को पकड़ा.

पशु तस्करी पर भी कार्रवाई

पशु तस्करी के खिलाफ अभियान में 17 जुलाई को बायसी थाना पुलिस ने एक ट्रक और 36 भैंस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. 23 जुलाई को सदर थाना पुलिस ने एक ट्रक और 25 मवेशियों को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया.

वाहन जांच में 1.50 करोड़ से अधिक जुर्माना

जुलाई में वाहन जांच अभियान के दौरान 13,185 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 50 लाख 68 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने विभिन्न मामलों में 45 मोटरसाइकिल, 65 मोबाइल, 12 चार पहिया वाहन, दो स्कूटी, चार टोटो, तीन टेंपो, तीन ट्रैक्टर और चार ट्रक बरामद किये. इसके अलावा 14 गैस सिलेंडर और एक लैपटॉप समेत अन्य सामान भी बरामद किया गया.

साइबर अपराध पर भी कार्रवाई

साइबर थाना की कार्रवाई में 29 लाख 81 हजार 422 रुपये की राशि होल्ड करायी गयी. अपराधियों पर निगरानी के लिए जिले के सभी थानों में 1,176 बार गुंडा परेड करायी गयी. डायल-112 के माध्यम से 6,349 घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई की. महिला हेल्प डेस्क पर मिले 37 आवेदनों की जांच की गयी. पुलिस ने 1,744 पासपोर्ट और 2,226 चरित्र सत्यापन भी किये.

ऑपरेशन मुस्कान में 24 मोबाइल बरामद

ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने चोरी या गुम हुए 24 मोबाइल फोन बरामद किये. विभिन्न मामलों में 64 वाहनों की बरामदगी भी हुई.

नागरिक केंद्रित पुलिसिंग पर जोर

पूर्णिया पुलिस ने नागरिक केंद्रित पुलिसिंग के तहत जुलाई में 1,870 आवेदन प्राप्त किये. इनमें से 832 लोगों को प्राथमिकी की निःशुल्क प्रति उपलब्ध करायी गयी, जबकि 925 लोगों को उनके मामलों से संबंधित जानकारी दी गयी. सामुदायिक पुलिसिंग के तहत 68 कार्यक्रम भी आयोजित किये गये.


विज्ञापन
अरुण कुमार

लेखक के बारे में

By अरुण कुमार

अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन