नगर निगम के बजट में शामिल हो जनहितकारी योजनाएं: खेमका

Updated at : 20 Mar 2026 6:38 PM (IST)
विज्ञापन
नगर निगम के बजट में शामिल हो जनहितकारी योजनाएं: खेमका

आयुक्त एवं नगर निगम आयुक्त को लिखा पत्र

विज्ञापन

विधायक ने प्रमंडलीय आयुक्त एवं नगर निगम आयुक्त को लिखा पत्र

पूर्णिया. विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर महत्वपूर्ण पहल की है. विधायक ने पूर्णिया प्रमंडल आयुक्त एवं नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई जनहितकारी योजनाओं को बजट में शामिल करने को कहा है. विधायक ने अपने पत्र में शहर से जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए पूर्व से निर्मित एवं अर्धनिर्मित नालों का सर्वे कराने तथा जिन वार्डों में नालों का अभाव है वहां लेवल मिलान कर सभी वार्डों को जोड़ते हुए समुचित नाला निर्माण कराने की योजना को इस बजट में रखने की बात कही है. इसके साथ ही उन्होंने गली-से-गली संपर्क पथों एवं लम्बी कच्ची सड़कों का सर्वे कर जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण तथा नई सड़कों के निर्माण को भी बजट में शामिल करने का सुझाव दिया है. विधायक श्री खेमका ने प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालय, यूरिनल एवं आधुनिक डीलक्स शौचालय निर्माण की अति आवश्यकता बताया है. इसके साथ ही, भट्ठा सब्जी हाट, मधुबनी एवं खुश्कीबाग हाट का आधुनिकीकरण और जीर्णोद्धार के लिए बजट में प्रावधान करने को लिखा है. उन्होंने शहर को जाम से मुक्त करने के लिए वेंडिंग जोन निर्माण की आवश्यकता बताई, जिससे नगर निगम में निबंधित 10 हजार से अधिक फुटपाथ दुकानदारों को स्थायी स्थान मिल सके. विधायक ने हरित क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए गुलाबबाग, रामबाग, रामनगर, डीएभी,मरंगा,नवरत्न, कोसी बिहार क्षेत्र में चिल्ड्रन पार्क बनाने की योजना को बजट में शामिल करने को कहा है. साथ ही, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रत्येक तीन वार्ड पर एक एनजीओ या संस्था को सफाई की जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव पत्र में दिया है. विधायक श्री खेमका ने अपने पत्र में शहर के बाहर कचरा डंपिंग यार्ड का निर्माण एवं कचरा निस्तारण की योजना बनाने को कहा है. इसके साथ ही पूर्णिया सिटी स्थित पवित्र सौरा नदी तट को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने की योजना को इस बजट में जोड़ने का सुझाव दिया है. विधायक ने कहा कि पूर्णिया नगर निगम का बजट बड़ा है और एनडीए की केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वय से शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार में पूर्णिया के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार सर्वांगीण विकास हो रहा है और इसे और बढ़ाने, आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने की मेरी प्राथमिकता है.

विज्ञापन
AKHILESH CHANDRA

लेखक के बारे में

By AKHILESH CHANDRA

AKHILESH CHANDRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन