पूर्णिया में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ से 90 लोगों को लौटाये लाखों के मोबाइल

Author Arun kumar
Updated:
विज्ञापन
पूर्णिया में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ से 90 लोगों को लौटाये लाखों के मोबाइल

एसपी की लोगों से अपील- मोबाइल गुम होने पर तुरंत सनहा दर्ज करायें

विज्ञापन

एसपी की लोगों से अपील- मोबाइल गुम होने पर तुरंत सनहा दर्ज करायें

पूर्णिया. शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी स्वीटी सहरावत ने 90 लोगों को उनके खोये हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे. बरामद किये गये इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गयी है. ये मोबाइल पिछले कुछ महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से या तो चोरी हो गये थे या कहीं गुम हो गये थे. तकनीकी सेल की मदद से पुलिस ने इन मोबाइलों को ट्रैक कर सफलतापूर्वक बरामद किया. इस दौरान एसपी ने कहा कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है. उन्होंने बताया कि गुम हुए मोबाइल को खोजना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन तकनीकी टीम की सतर्कता और मेहनत से यह संभव हो पाया है. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सनहा दर्ज करायें, ताकि उसे जल्द ट्रैक किया जा सके.अपने खोये हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे. कई लाभार्थियों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि उनका फोन कभी वापस मिलेगा. लोगों ने पुलिस और एसपी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उनकी मेहनत की कमाई उन्हें वापस मिल गयी. बताया गया कि बरामद मोबाइल में सबसे अधिक संख्या सदर, सरसी और कसबा थाना क्षेत्रों से है. पूर्णिया पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे इस अभियान से न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है, बल्कि पुलिस की छवि एक ‘मित्र पुलिस’ के रूप में भी मजबूत हो रही है.मोबाइल बरामदगी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले पुलिस पदाधिकारियों में पुअनि शशि कुमार भगत, अपर थानाध्यक्ष, सदर थाना ,पुअनि राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष, सरसी थाना, पुअनि संजना प्रसाद, अपर थानाध्यक्ष, कसबा थाना को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.

क्या कहती हैं मोबाइल धारक

मेरा मोबाइल फरवरी महीने में स्कूल जाने के क्रम में गिर गया था. इसके बाद थाना में सनहा दर्ज करायी थी. मोबाइल खो जाने के बाद उम्मीद नहीं थी कि मोबाइल फिर से मिलेगा. लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा मोबाइल बरामद कर मुझे लौटा दिया इससे बड़ी खुशी ओर क्या हो सकती है, इसके लिए एसपी को बहुत बहुत धन्यवाद.

नेहा कुमारी, बीकोठी

……….मेरा मोबाइल पिछले साल के जुलाई माह में पूर्णिया सिटी में भगवान जगरन्नाथ यात्रा के दौरान खो गया था. परिवावालों ने कहा कि मिलेगा तो नहीं पर सनहा दर्ज करा दो. आज एक साल बाद जब खोया हुआ मोबाइल मिला तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा. पुलिस प्रशासन का ऑपरेशन मुस्कान अभियान काबिले तारीफ है. मैं बहुत खुश हूं.

नैंसी, पूर्णिया सिटी

विज्ञापन
अरुण कुमार

लेखक के बारे में

By अरुण कुमार

अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन