ओलावृष्टि व बारिश से अस्त व्यस्त हुआ जनजीवन, कई जगह पेड़ धराशायी

Published by :AKHILESH CHANDRA
Published at :27 Apr 2026 8:22 PM (IST)
विज्ञापन
ओलावृष्टि व बारिश से अस्त व्यस्त हुआ जनजीवन, कई जगह पेड़ धराशायी

ओलावृष्टि और झमाझम बारिश के साथ तेज हवा ने एक बार पूर्णिया में जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है. इस दौरान कई जगह पेड़ धराशायी हो गये तो ग्रामीण इलाकों में फसलों का भी नुकसान हुआ.

विज्ञापन

शहर से गांव तक बाधित हुई बिजली की आपूर्ति, पूरी रात गुल रही बिजली

कई हिस्सों में टूट गये बिजली के तार, कई मुहल्लों में जलजमाव की समस्या

पूर्णिया. ओलावृष्टि और झमाझम बारिश के साथ तेज हवा ने एक बार पूर्णिया में जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है. इस दौरान कई जगह पेड़ धराशायी हो गये तो ग्रामीण इलाकों में फसलों का भी नुकसान हुआ. अलबत्ता आम और लीची की भी क्षति हुई है. तेज हवा और बारिश के दौरान शहर से गांव तक बिजली की आपूर्ति व्यवस्था बाधित हो गयी. कई इलाकों में पूरी रात बिजली गुल रही. तेज हवाओं के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली के तार टूटने की भी खबर है. बारिश के कारण कई मुहल्लों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी है. यह अलग बात है कि नगर निगम के कर्मचारी सुबह से ही इस समस्या के निदान में जुट गये हैं.

गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय निम्न दबाव के कारण पिछले तीन दिनों से बारिश का दौर चल रहा है. बीते शनिवार की रात भी जमकर बारिश हुई और रविवार को तो काले बादलों के कारण दिन में ही रात का नजारा दिखा, जबकि रात में तेज हवा और झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो गयी. लगातार हुई झमाझम बारिश के कारण पूरा पूर्णिया के कई मुहल्लों में परेशानी बढ़ गयी है. झमाझम बारिश के बाद कहीं सड़क तो कहीं मुहल्ले में पानी जम गया. इस बारिश से शहर का पूरा जन जीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है. बारिश होने के कारण सड़कों पर भीड़ कम हो गयी है. जिन मुहल्लों में जलजमाव है वहां लोगों को घर से निकलने में काफी फजीहत झेलनी पड़ी. शहर के पूर्वी हिस्से में अवस्थित गुलाबबाग के मुहल्लों में भी बारिश के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. कई मुहल्लों में सड़क और नाला एक हो गया है. जहां नाला नहीं है वहां सड़कों के किनारे कीचड़ हो गया, जबकि कई सड़कों पर जलजमाव हो गया है.

आम व लीची को भारी नुकसान

तेज हवा और ओले के साथ बेमौसम बारिश के कारण तेज धूप से लोगों को राहत तो मिली है पर किसानों की परेशानी बढ़ गयी. हालांकि, खेतों में खड़ी फसलों को भी क्षति पहुंची है पर आम और लीची पर तबाही बरसी है. तेज हवा और बारिश के साथ ओलावृष्टि ने आम के फसलों के किसानों की कमर ही तोड़ दी है. इससे किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गयी है. आम-लीची के अलावा, मक्का की फसल भी क्षति के दायरे में है जबकि कुछ जगहों पर ओले गिरने से सब्जियों की खेती को भी भारी नुकसान हुआ है.

विज्ञापन
AKHILESH CHANDRA

लेखक के बारे में

By AKHILESH CHANDRA

AKHILESH CHANDRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन