नाला निर्माण में नियमों की अनदेखी का आरोप, नगर आयुक्त को दिया ज्ञापन
Published by : AKHILESH CHANDRA Updated At : 03 Apr 2026 5:37 PM
नगर आयुक्त को दिया ज्ञापन
पूर्णिया. नगर निगम के वार्ड संख्या 22 के सर्वोदय नगर में चल रहा नाला निर्माण कार्य विवादों के घेरे में आ गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले का निर्माण स्वीकृत योजना और तकनीकी मापदंडों को ताक पर रखकर किया जा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय स्तर पर नगर आयुक्त से लिखित शिकायत कर काम को रोकने और जांच करने की मांग की गयी है. सर्वोदय नगर के लोगों ने महापौर, नगर आयुक्त, अधीक्षण अभियंता कार्य प्रमंडल बुडको व कार्यपालक अभियंता नगर विकास विभाग को पत्र के माध्यम से शिकायत की है. गौरतलब है कि सर्वोदय नगर में सुपर कंप्यूटर से देव एजेन्सी होते हुए वकील साहब के घर तकनिर्माण कार्य की निविदा प्रकाशीत हुई थी. लेकिन नाला निर्माण कार्य सुपर कम्प्यूटर से शुरू न हो कर वकील साहब घर से उल्टी दिशा से जारी है. जबकि वकील साहब के घर के सामने नाले का आउटलेट है. यहां तीन दिशाओं से नाला एक जगह मिला है. शिकायत पत्र के अनुसार, तकनीकी रूप से नाले का निर्माण हमेशा पानी के बहाव की विपरीत दिशा से ऊंचाई की ओर किया जाता है ताकि ढाल का सही सटीक आंकलन हो सके. आवेदन में कहा है कि आउटलेट की तरफ से काम शुरू होने के कारण नाले के लेवलिंग में गड़बड़ी होने की पूरी आशंका है. इससे भविष्य में पानी की निकासी नहीं होगी और मोहल्ले में जलजमाव की समस्या जस की तस बनी रहेगी. इस मामले को लेकर सुनीता कुमारी, विक्रम कुमार, अरविंद कुमार, पद्मानंद कुमार, विपिन झा आदि ने एकजुट होकर नगर आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपा है. इसमें मांग की गई है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि नाला योजना के अनुसार ही बने. इधर, पूर्व पार्षद पवन राय ने बताया कि विभाग व संवेदक की लापरवाही का नतीजा है कि गलत दिशा से नाला का निर्माण कार्य जारी है. अगर नाले का ढाल सही नहीं होगा तो लाखों की लागत से बनने वाली यह योजना बेकार साबित होगी. हम चाहते हैं कि काम वहीं से शुरू हो जहां से कागजों में तय किया गया है. सूपर कम्प्यूटर से वकील साहब के घर तक की नाला 757 फीट है जबकि नाला का निर्माण कार्य 500 फीट में ही किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










