पटना : चाय दुकान पर युवक पर रॉड और फाइटर से हमला, तीन गिरफ्तार, कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था घायल
पटना के अशोक राजपथ पर चाय पी रहे युवक पर तीन लोगों ने लोहे की रॉड और फाइटर से हमला कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी डिडिया समेत तीनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।
Patna Crime News : पटना जिले के पीरबहोर थाना क्षेत्र के अशोक राजपथ स्थित चाय की दुकान पर मंगलवार की देर रात तीन लोगों ने एक युवक पर लोहे की रॉड और फाइटर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल मो. हमाद, निवासी सब्जीबाग जामुन गली, को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
आपके शहर में
चाय पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद
मो. हमाद ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि वह रात करीब 1:30 बजे घर से निकलकर अशोक राजपथ स्थित चाय की दुकान पर चाय पी रहा था. इसी दौरान जेल से हाल ही में छूटे अपराधी माजिद खान उर्फ डिडिया, उसका चचेरा भाई सैफी और जामुन गली निवासी अरफी वहां पहुंचे. तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपितों ने उस पर हमला कर दिया.
रॉड से सिर पर किया वार
शिकायत के अनुसार, डिडिया ने लोहे की रॉड से हमाद के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया. इसके बाद सैफी और अरफी ने लोहे के फाइटर से उसके चेहरे पर हमला किया. गंभीर रूप से घायल हमाद को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया.
हत्या के मामले में जेल जा चुका है डिडिया
थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि मारपीट के मामले में माजिद खान उर्फ डिडिया, सैफी और अरफी को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि डिडिया पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और कुछ माह पहले ही जेल से बाहर आया था. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए