पटना: गंगा-सोन के बढ़ते जलस्तर से दियारा में फिर आयी बाढ़, निचले इलाकों के घरों में घुसा पानी

Updated:
विज्ञापन

नाव से सुरक्षित स्थान पर जाते लोग

मनेर के दियारा क्षेत्र में गंगा और सोन नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कई गांवों के निचले इलाकों में घरों तक पानी पहुंच गया है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं।

विज्ञापन

Patna Flood : गंगा और सोन नदी के जलस्तर में मंगलवार को अचानक वृद्धि होने के बाद मनेर के दियारा क्षेत्र में एक बार फिर बाढ़ का संकट गहरा गया है. उत्तरी दियारा के साथ पश्चिमी दियारा में भी बाढ़ का पानी सड़कों और निचले इलाकों के घरों में प्रवेश कर गया है. जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

हल्दी छपरा समेत कई गांवों के घरों में घुसा पानी

नदी के जलस्तर में वृद्धि के बाद हल्दी छपरा, नया टोला, पुराना टोला और बदल टोला के निचले इलाकों में कई घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है. घरों में पानी प्रवेश करने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोग ऊंचे स्थानों पर पहुंचकर खाना बनाने के साथ अपने मवेशियों को भी सुरक्षित रखने में जुटे हैं.

इसलामगंज का सड़क संपर्क बाधित, नाव बना सहारा

इसलामगंज गांव की सड़क पूरी तरह डूब गयी है. इसके कारण ग्रामीणों को आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है. पश्चिमी दियारा को मनेर के शहरी इलाके से जोड़ने वाली प्रमुख सड़क भी तिवारी टोला के पास बाढ़ के पानी में डूब गयी है. इससे लोगों को पानी में घुसकर आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.

मवेशियों के चारे का संकट बढ़ा

हल्दी छपरा निवासी विकास सिंह और राजेश सिंह ने बताया कि गंगा और सोन के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण गांव के निचले हिस्सों में स्थित कई घरों में पानी घुस चुका है. खेतों में बाढ़ का पानी फैलने से मवेशियों के लिए चारे की समस्या भी उत्पन्न हो गयी है. ग्रामीणों के सामने फसल और पशुओं को बचाने की चुनौती है.

महिलाओं को शौच की समस्या से जूझना पड़ रहा

ग्रामीणों ने बताया कि घरों में बाढ़ का पानी घुसने के कारण महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी शौच को लेकर हो रही है. जलजमाव के कारण दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.

तिवारी टोला पुल के पास सड़क डूबी

रामपुर, हुलासी टोला, भवानी टोला और प्रेम टोला समेत दियारा के कई गांवों को जोड़ने वाली सड़क तिवारी टोला पुल के पास डूब गयी है. सड़क पर पानी भर जाने के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है. ग्रामीण बाढ़ के पानी में घुसकर किसी तरह जरूरी काम के लिए आ-जा रहे हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन