छठ घाट बनाने में युवक गंगा में डूबा, बचाने में दो और भी समा गये

शनिवार को थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर गंगा घाट पर सुबह करीब दस बजे छठ घाट बनाने के दौरान गंगा में डूबने से तीन पड़ोसियों की मौत हो गयी.
प्रतिनिधि, खुसरूपुर
शनिवार को थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर गंगा घाट पर सुबह करीब दस बजे छठ घाट बनाने के दौरान गंगा में डूबने से तीन पड़ोसियों की मौत हो गयी.
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना पर उनके परिजन भी पहुंचे और दहाड़ मार कर रोने लगे. ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. स्थानीय पुलिस ने तीनों शवों की पहचान सोनू कुमार ( 22 वर्ष ) पिता अवधेश यादव, सौरव कुमार (22 वर्ष ) पिता पिंटू यादव व गुड्डू कुमार (19 वर्ष ) पिता दिलीप यादव सभी पश्चिम गोविन्दपुर वार्ड 17 निवासी के रूप में हुई है. गंगा घाट पर मौजूद लोगों ने बताया कि छठ पूजा को लेकर तीनों युवक जल लेने घाट पर आये थे.
लेकिन पहले गंगा घाट की साफ-सफाई की, उसके बाद घाट बनाने को लेकर पानी में उतरे थे. इस दौरान सोनू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा. उसे बचाने के लिए सौरव और गुड्डू आगे बढ़े लेकिन वह दोनों भी गहरे पानी में समा गये. इस घटना की सूचना ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दी. सूचना पर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. थानाध्यक्ष ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया. हालांकि स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों का शव पानी से निकाला. शव को फतुहा अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. तीन युवकों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया.
छठ पूजा को लेकर घर में हो रही तैयारी मातम में बदल गयी. पुलिस ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम कराने से उनके परिजनों ने मना कर दिया था. जिस कारण पुलिस ने तीनों शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों ने बताया कि मृतक सोनू कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था और सौरव कुमार इकलौता था. दोनों बीए के स्टूडेंट थे. वहीं गुड्डू कुमार चार भाइयों में मंझिला था. गुड्डू पेंटर का काम करता था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




