मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए रसोइयों की ट्रेनिंग
बिहार के सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जायेगा. इसके लिए शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है
संवाददाता, पटना बिहार के सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जायेगा. इसके लिए शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है. अब स्कूलों में कार्यरत रसोइयों को पेशेवर प्रशिक्षण दिया जायेगा. यह प्रशिक्षण होटल प्रबंधन संस्थान बोधगया के सहयोग से आयोजित किया जायेगा, जिसमें आठ गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की भागीदारी भी सुनिश्चित की गयी है. इस संबंध में मिड डे मील के निदेशक विनायक मिश्र ने सभी संबंधित एनजीओ के अध्यक्षों और सचिवों को पत्र जारी कर विस्तृत दिशा-निर्देश दिये हैं. पत्र के अनुसार, केंद्रीयकृत रसोइयों में कार्यरत मुख्य रसोइयों को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा. प्रशिक्षण के दौरान रसोइयों को चावल, सब्जी, कढ़ी, खीर, अंडा-कढ़ी सहित विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों को स्वच्छ और मानक तरीके से तैयार करने की विधि सिखायी जायेगी. इसका उद्देश्य बच्चों को स्वादिष्ट और पोषक भोजन उपलब्ध कराना है. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया. 29 और 30 अप्रैल को प्रशिक्षण आयोजित किया जायेगा. प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह आठ बजे से शुरू होगा. पहले चरण में औरंगाबाद, कैमूर, नवादा, गया, नालंदा, बक्सर और सहरसा जिलों के मुख्य रसोइयों को शामिल कर प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण अवधि के दौरान रसोइयों के आवागमन, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था विभाग के सहयोग से की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए