पटना : डीएसपी के बंद घर में फिर चोरी, एक महीने में दूसरी बार वारदात, पुलिस टीओपी से महज 100 मीटर दूर तोड़ा ताला

Updated:
विज्ञापन

फुलवारीशरीफ थाना.

फुलवारी शरीफ में चोरों के हौसले बुलंद हैं, जहाँ रेल डीएसपी अरुण कुमार अकेला के बंद मकान में एक महीने के भीतर दूसरी बार चोरी हुई है. यह घटना पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

विज्ञापन

Patna Crime News : पटना जिले के फुलवारी शरीफ बिरला कॉलोनी में चोरों के हौसले बुलंद हैं. पुलिस अधिकारी का बंद मकान भी चोरों से सुरक्षित नहीं है. रेल डीएसपी अरुण कुमार अकेला के बंद मकान में मंगलवार की देर रात चोरों ने दूसरी बार धावा बोल दिया. करीब एक महीने के भीतर एक ही मकान में दूसरी चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

बंद मकान का फायदा उठाकर घुसे चोर

बताया जाता है कि अरुण कुमार अकेला फिलहाल कटिहार में पदस्थापित हैं, जबकि उनकी पत्नी दिल्ली में रहती हैं. इसके कारण बिरला कॉलोनी स्थित उनका मकान अक्सर बंद रहता है. मंगलवार की रात चोरों ने इसी का फायदा उठाया और घर में घुसकर कीमती कपड़े व अन्य सामान चोरी कर लिया. घटना को अंजाम देने के बाद चोर आसानी से फरार हो गए.

परिवार के लोगों के अनुसार, एक महीने के अंदर इसी मकान में दूसरी बार चोरी हुई है. लगातार दो घटनाओं से परिवार के साथ आसपास रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है.

9 जुलाई को भी तोड़ा था ताला,

इससे पहले 9 जुलाई को भी चोरों ने डीएसपी के मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी. उस घटना में चोर करीब 70 हजार रुपये नकद, चांदी की एक पायल, चांदी के 35 सिक्के और सोने के तीन कान के टॉप्स समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे. चोरी गए सामान की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई थी. अब दोबारा उसी मकान को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी है.

टीओपी से सिर्फ 100 मीटर दूर वारदात

चोरी की घटना की सबसे गंभीर बात यह है कि डीएसपी के मकान से बिरला कॉलोनी पुलिस टीओपी की दूरी महज करीब 100 मीटर है. इसके बावजूद चोरों ने लगातार दूसरी बार बंद मकान को निशाना बनाया. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस टीओपी के इतने करीब लगातार चोरी होना इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

रेलवे लाइन के आसपास संदिग्धों की आवाजाही

स्थानीय लोगों के मुताबिक बिरला कॉलोनी के पास रेलवे लाइन होने के कारण शाम ढलने के बाद आसपास के सुनसान हिस्सों में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है. लोगों का कहना है कि इलाके में नशेड़ियों और संदिग्ध लोगों का जमावड़ा भी देखा जाता है. ऐसे में रात के समय चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा बना रहता है. लगातार चोरी की घटनाओं से बिरला कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में नियमित गश्ती बढ़ाने, रेलवे लाइन के आसपास विशेष निगरानी रखने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन