ePaper

सजने लगे शहर के चर्च

Updated at : 23 Dec 2024 12:46 AM (IST)
विज्ञापन
सजने लगे शहर के चर्च

क्रिसमस को लेकर शहर भर के गिरजाघरों और चर्चों में तैयारी अंतिम चरण में हैं.

विज्ञापन

क्रिसमस को लेकर शहर भर के गिरजाघरों और चर्चों में तैयारी अंतिम चरण में हैं. संत मेरी चर्च, पादरी की हवेली, संत लूकस चर्च, बांकीपुर चर्च और कुर्जी चर्च में रंग-रोगन के साथ ही उसे रंग-बिरंगी रोशनियों व झालरों से सजाया जा रहा है. साथ ही चरणी गौशाला का निर्माण किया जा रहा है. कैरोल गीत गाकर यीशु के जन्म के महत्व को बताया जा रहा है और प्रार्थना सभाएं की जा रही हैं. क्रिसमस सेलिब्रेशन की हर कोई तैयारी कर रहा है. कोई अपने घरों को सजाने की तैयारी में जुटा है, तो कई स्वादिष्ट केक बनाने की योजना बना रहा है.संत मेरी चर्च, फुलवारीशरीफ : उत्साह और उल्लास के साथ क्रिसमस मनाये जाने को लेकर फुलवारीशरीफ के टमटम पड़ाव स्थित कैथोलिक चर्च ( संत मेरी चर्च ) और गोणपुरा ईसापुर रोड स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटी में जोरों पर तैयारी चल रही है. चर्च को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. ईसाई समुदाय के घरों में लोग कैरोल गीत गाकर खुशियां मना रहे हैं. घरों में भी केक बनाने की तैयारी की जा रही है. इसे यादगार बनाने के लिए हर कोई अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रहा है. कैरोल सिंगिंग की प्रैक्टिस भी करायी जा रही है.क्रिसमस पर इस बार चर्च में अच्छी खासी तादाद में श्रद्धालुओं भीड़ प्रभु ईसा मसीह के दर्शन करने को आने की उम्मीद है. टमटम पड़ाव स्थित संत मेरी चर्च एवं ईसाई समुदाय के घरों को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया जा रहा है. पादरी की हवेली पटना सिटी : पटना सिटी में अशोक राजपथ पर स्थित पादरी की हवेली महागिरजा घर चर्च 396 वर्ष का हो चुका है. यहां प्रभु यीशु के अवतरण पर्व क्रिसमस को लेकर ईसाई समुदाय की ओर से तैयारी को मूर्त रूप दिया जा रहा है. चर्च में चरणी गौशाला का निर्माण कार्य कराने समेत अन्य कार्य को मूर्त रूप दिया गया है. चर्च के पल्ली पुरोहित फादर प्रवीण लावों ने बताया कि 24 दिसंबर मंगलवार की रात प्रभु यीशु के अवतरण पर्व का अनुष्ठान मिस्सा बलिदान पूजा से होगा, जो देर रात के चलेगा. मिस्सा बलिदान के बाद चर्च के मदर टेरेसा परिसर में बनायी गयी चरनी गोशाला से घंटी व कैरोल की धुन के बीच बालक यीशु व प्रतीक चिह्न लिए कैरोल गीत के साथ शोभायात्रा चर्च में पहुंचेगी, जहां संस्कार रोशनी का प्रकाश व विशेष प्रार्थना होगी. 25 दिसंबर रविवार को भी सुबह में मिस्सा बलिदान पूजा होगा. संत लूकस चर्च, दानापुर : दो सौ साल से अधिक पुराना बिहार रेजिमेंट सेंटर के ऐतिहासिक संत लूकस चर्च में क्रिसमस की जोर-शोर से तैयारी चल रही है.त्योहार को लेकर बच्चे, युवा व बुजुर्ग खासा उत्साह है. दानापुर आरा गोलंबर सैनिक चौक के पास स्थित संत लूकस गिरजाघर की सुंदरता देखते ही बनती है. बिहार रेजिमेंट सेंटर (बीआरसी) के सैनिकों द्वारा चर्च की देखभाल की जाती है. फादर नायक सुबेदार धर्मगुरु फादर एल विपिन ने बताया कि क्रिसमस को लेकर गिरजाघर का रंग -रोगन और सफाई की जा रही है. 24 दिसंबर की रात्रि में गिरजाघर में विशेष प्रार्थना की जायेगी, जिसमें रेजिमेंट के सैन्य अधिकारी, जवान शामिल होंगे. 25 दिसंबर की सुबह भी रेजिमेंट के सैन्य अधिकारी, उनके परिवार व जवानों द्वारा विशेष प्रार्थना की जायेगी. वहीं बांकीपुर चर्च में भी क्रिसमस को लेकर तैयारी तल रही है. चर्च के लोगों के मानना है कि प्रभु मानव को प्रेम सद्भाव से रहने का संदेश देते हैं. साथ ही कुर्जी चर्च में ईसाई समुदाय के लोगों ने तैयारी तेज कर दी है. स्कूल और चर्च परिसर में साफ-सफाई के बाद सजाने का काम जारी है. परिसर में धूमधाम से प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन