अनियंत्रित होकर नहर में पलटी कार एक लापता, दूसरे ने कूदकर बचायी जान

Published by : VIPIN PRAKASH YADAV Updated At : 27 Aug 2025 12:15 AM

विज्ञापन

patna news: बिक्रम. पटना सोन कैनाल में मंगलवार को अहले सुबह चार बजे अरवल लॉक के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सोन नहर में जा गिरी.

विज्ञापन

बिक्रम. पटना सोन कैनाल में मंगलवार को अहले सुबह चार बजे अरवल लॉक के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सोन नहर में जा गिरी. कार पर दो लोग सवार थे. एक युवक तैरकर नहर से बाहर निकल आया, वहीं दूसरा पानी के तेज बहाव में फंस कर बह गया. डूबे हुए युवक की तलाश जारी है. नहर में डूबी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया गया. नहर से बचकर बाहर निकले युवक की पहचान औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अहियारी गांव निवासी पिंटू कुमार के रूप में की गयी है. वहीं डूबे युवक की पहचान बिक्रम थाना क्षेत्र के खोरैठा गांव निवासी अजय तिवारी के पुत्र ध्रुव कुमार तिवारी के रूप में की गयी है. ध्रुव की माता सुनीता देवी बिक्रम नगर पंचायत के वार्ड 4 की पार्षद हैं. ध्रुव कुमार तिवारी औरंगाबाद जिले में बाल संरक्षण इकाई में कर्मचारी है. पिंटू कुमार भी वहीं काम करता है. मिली जानकारी के अनुसार ध्रुव और उनका दोस्त पिंटू पटना में विभागीय कार्य वश पटना आये थे. पटना से औरंगाबाद लौटने के क्रम में ध्रुव अपने परिवारवालों से मिलने खोरैठा आया और मंगलवार को अहले सुबह 3 बजे ऑफिस ज्वाइन करने के लिए निकला. वे पटना-औरंगाबाद एनएच- 139 से न जाकर दोनों शार्टकट पटना-अरवल नहर रोड से जा रहे थे. अरवल पहुंचने पर बाजार के समीप अचानक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी फिर नहर में जा गिरी. कार चला रहा पिंटू कुमार किसी तरह तैर कर बाहर निकला और शोर मचाया. शोर सुनकर सुबह की सैर पर निकले आसपास के ग्रामीण दौड़े, नहर में एक व्यक्ति के डूबे होने की सूचना पर एक-दो ग्रामीणों ने पानी में छलांग लगा दी, लेकिन ध्रुव कुमार तिवारी का कोई अता-पता नहीं चला. स्थानीय लोगों की सूचना पर अरवल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दोनों युवकों के परिवार वालों को सूचित किया. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को नहर में उतारा गया, किंतु आठ घंटे बाद भी ध्रुव कुमार तिवारी का कोई सुराग नहीं मिल पाया. पुलिस द्वारा एसडीआरएफ व एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया. इनकी टीम ने घंटों मशक्कत की लेकिन शव का कोई पता नहीं चल पाया है. उक्त घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कैनाल पथ को घंटों जाम कर दिया. अरवल एसडीपीओ कृति कमल और पुलिस लोगों को समझा बुझाकर जाम हटाया. घटना के बाद ध्रुव के परिवारवालों में मातम छाया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VIPIN PRAKASH YADAV

लेखक के बारे में

By VIPIN PRAKASH YADAV

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन