घूमने जाने से पहले निपटा लिया RJD का स्थापना दिवस, तेजस्वी पर BJP का तंज

Updated:
विज्ञापन
Tejashwi yadav MLA Patna Hotel

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव

RJD Foundation Day: राजद का स्थापना दिवस इस बार तय तारीख से पहले मनाए जाने पर बिहार की सियासत गरमा गई है. बीजेपी ने इसे तेजस्वी यादव के संभावित विदेश दौरे से जोड़ते हुए कई सवाल उठाए हैं. राजद ने इन आरोपों को राजनीतिक हमला बताते हुए कहा कि विपक्ष के नेता को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.

विज्ञापन

RJD Foundation Day: राष्ट्रीय जनता दल के स्थापना दिवस कार्यक्रम को तय तारीख से पहले आयोजित किए जाने को लेकर बिहार की राजनीति में नया विवाद शुरू हो गया है. भारतीय जनता पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विदेश यात्रा पर जाने की वजह से उन्होंने अपनी पार्टी का स्थापना दिवस पहले ही मना लिया.

राजद ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए बीजेपी को अपनी सरकार के काम पर ध्यान देने की सलाह दी. लालू प्रसाद यादव ने 5 जुलाई 1997 को राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना की थी, लेकिन इस बार यह कार्यक्रम 1 जुलाई को ही मना लिया गया. बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने इस मुद्दे पर तेजस्वी को घेरते हुए कहा कि इसी रवैये की वजह से बिहार की जनता ने उन्हें चुनाव में नकार दिया है.

बीजेपी ने उठाए तेजस्वी की कार्यशैली पर सवाल

बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस मामले को पर कहा कि 1 जुलाई को हुए कार्यक्रम में राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने खुले मंच से तेजस्वी यादव पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि तेजस्वी कार्यकर्ताओं और आम जनता से मुलाकात नहीं करते हैं, उन्हें अपने घर का दरवाजा कम से कम एक घंटे के लिए कार्यकर्ताओं के लिए खोलना चाहिए.

नीरज कुमार ने दावा किया कि यही राजद की असली सच्चाई है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव बिहार की गर्मी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए 5 जुलाई का इंतजार किए बिना 1 जुलाई को ही कार्यक्रम निपटाकर किसी ठंडी जगह छुट्टियां मनाने निकल रहे हैं.

जेडीयू और पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भी बोला हमला

पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी यादव को विदेश जाने की इतनी जल्दी थी कि उन्होंने पार्टी के सबसे खास दिन की तारीख ही बदल दी, तो ऐसे में बिहार की जनता उनके बारे में क्या सोचेगी. उनके पास अपनी पार्टी के स्थापना दिवस के लिए भी समय नहीं है.

जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि जो नेता अपनी पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर गंभीर नहीं है, वह बिहार की जनता और यहां के मुद्दों को लेकर कितना संजीदा होगा. बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने इसे बिहार का दुर्भाग्य बताया कि तेजस्वी विपक्ष के नेता हैं और वे यहां की गर्मी छोड़कर विदेशों में आराम फरमाने जा रहे हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

राजद और कांग्रेस ने किया तेजस्वी का बचाव

विरोधियों के इन तीखे हमलों पर राष्ट्रीय जनता दल ने भी करारा जवाब दिया है. राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने तेजस्वी यादव का बचाव करते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को तेजस्वी फोबिया हो गया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेताओं को तेजस्वी की यात्रा की फिक्र छोड़कर बिहार की जनता की चिंता करनी चाहिए. सरकार को उन वादों को पूरा करना चाहिए जो उन्होंने जनता से किए थे.

तेजस्वी यादव लगातार महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और खराब कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं, जिसका जवाब देने के बजाय बीजेपी नेता निजी हमले कर रहे हैं. इस मामले में कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी भी राजद के समर्थन में आए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश में अच्छा खाना खाने, अच्छे कपड़े पहनने, विदेश घूमने और बोलने का हक सिर्फ प्रधानमंत्री को ही है, विपक्ष के नेताओं को नहीं.

इसे भी पढ़ें: बिहार शिक्षा विभाग के अवर सचिव 20000 घूस लेते गिरफ्तार, पटना के गर्दनीबाग में SVU का एक्शन

भरत तिवारी केस के आरोपी डीएसपी राजेश शर्मा को मिली नई पोस्टिंग, जानिए इनकी पूरी कहानी

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन