बिहार में 1 अगस्त से बदल जाएगी जमीन रजिस्ट्री की पूरी प्रक्रिया, नहीं लगाने पड़ेंगे ऑफिस के चक्कर
सांकेतिक तस्वीर
Bihar Land Registry: बिहार में जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया को लेकर सरकार गंभीर हो गई है. ऐसे में 1 अगस्त से जमीन या फ्लैट रजिस्ट्री की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन किए जाने का निर्णय लिया गया है. हर रजिस्ट्री ऑफिस में पेपरलेस सिस्टम लागू किया जाएगा.
Bihar Land Registry: बिहार में जमीन या मकान की रजिस्ट्री कराने वालों के लिए राहत की खबर है. अब रजिस्ट्री के लिए मोटी फाइलें लेकर रजिस्ट्री ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. राज्य सरकार अगस्त से पूरे बिहार में जमीन और संपत्ति की रजिस्ट्री प्रक्रिया को पूरी तरह पेपरलेस बनाने जा रही है. इसके तहत राज्य के सभी निबंधन कार्यालयों में रजिस्ट्री की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी.
आपके शहर में
यहां पेपरलेस हुआ सिस्टम
इस नई व्यवस्था की शुरुआत हो चुकी है. हाजीपुर जिला निबंधन कार्यालय में पेपरलेस सिस्टम लागू किया जा चुका है, जबकि 18 जुलाई से राज्य के नौ और निबंधन कार्यालय इस व्यवस्था से जुड़ जाएंगे. इसके बाद फेज वाइज पटना, मधुबनी समेत अन्य जिलों के कार्यालयों में भी डिजिटल रजिस्ट्री लागू होगी.
लोगों को मिलेगा ये फायदा
नई प्रणाली में डॉक्युमेंट्स की तैयारी, उनकी जांच, वेरिफिकेशन और रजिस्ट्री की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. खरीदार, विक्रेता और संबंधित अधिकारियों के डिजिटल हस्ताक्षर के बाद ही रजिस्ट्री पूरी मानी जाएगी. इससे न केवल कागजी दस्तावेजों का बोझ कम होगा, बल्कि प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनने की उम्मीद है.
इन्हें दी जाएगी ट्रेनिंग
इस नई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित कर्मचारियों और हितधारकों को ट्रेनिंग भी दी जाएगी. बिहार सरकार की इस नई व्यवस्था से लोगों के समय की बचत हो सकेगी. रजिस्ट्रेशन के लिए उन्हें लंबी लाइन में लगने या फिर बार-बार ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
फिलहाल ई-निबंधन की सुविधा
जानकारी के मुताबिक, जिन भी रजिस्ट्री ऑफिस में अभी डिजिटल प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, वहां ई-निबंधन की सुविधा लोगों को दी जा रही है. जमीन या फ्लैट की रजिस्ट्री के लिए विभाग की वेबसाइट enibadhan.bihar.gov पर जाकर कागजात अपलोड कर सकते हैं. इसके बाद फाइनल रजिस्ट्री के लिए डेट और समय ले सकते हैं. फिर उसी समय पर रजिस्ट्री ऑफिस आकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.
Also Read: बिहार के 27 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, तेज हवा के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए