‘बैलेट पेपर से चुनाव हुआ तो NDA कहीं नहीं टिकेगा…’, MLC उपचुनाव में RJD की जीत के बाद गरजे तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव की फाइल फोटो
Bihar Politics: भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव में RJD की जीत के बाद तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर देश में बैलेट पेपर से चुनाव हो, तो भाजपा और एनडीए कहीं टिक नहीं पाएंगे. साथ ही उन्होंने EVM पर भी सवाल उठाए.
Bihar Politics: भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार एमएलसी उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की जीत के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है. आरजेडी उम्मीदवार सोनू राय ने जेडीयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को हराकर सीट अपने नाम कर ली. इस जीत के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने ईवीएम को लेकर बड़ा बयान दे दिया.
आपके शहर में
‘बैलेट पेपर से चुनाव हुआ तो भाजपा नहीं टिकेगी’
तेजस्वी यादव ने कहा कि यह चुनाव बैलेट पेपर से हुआ था और नतीजा सबके सामने है. उन्होंने दावा किया कि अगर देश में सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं तो भाजपा और एनडीए कहीं टिकने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि आरजेडी उम्मीदवार की भारी मतों से जीत हुई है और इसके लिए उन्होंने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को बधाई दी.
EVM पर फिर उठाए सवाल
आरजेडी नेता ने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए कहा कि मशीन से वोटिंग होने पर सत्ता में बैठे लोग छल-कपट करते हैं. उनका आरोप था कि पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में भी अगर बैलेट पेपर से वोटिंग होती, तो महागठबंधन को 150 से ज्यादा सीटें मिलतीं.
तेजस्वी यादव ने कहा कि ईवीएम से वोटों की गिनती में भी रात तक समय लगता है. जब मतगणना में इतना समय लगना ही है, तो बैलेट पेपर से चुनाव कराने में क्या दिक्कत है.
RJD ने JDU से छीनी सीट
भोजपुर-बक्सर एमएलसी सीट पहले जेडीयू के पास थी. इस सीट से राधाचरण साह विधान परिषद सदस्य थे. बाद में संदेश विधानसभा सीट से विधायक बनने के बाद उन्होंने एमएलसी पद छोड़ दिया था, जिसके बाद उपचुनाव कराया गया.
एनडीए ने इस चुनाव में राधाचरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह जीत हासिल नहीं कर सके. आरजेडी के सोनू राय ने 350 से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज कर जेडीयू से यह सीट छीन ली.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए