पटना: एम्स मार्ग पर तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार दंपती को मारी टक्कर, महिला गंभीर रूप से घायल, स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर उठाए सवाल

Patna accident: पटना-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-139) पर एम्स मार्ग पर एक बार फिर सड़क हादसे की घटना हुई. शनिवार को तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण और सड़क पर गड्ढों को हादसों का मुख्य कारण बताया है.
Patna accident: पटना-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-139) पर स्थित एम्स मार्ग एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना. शनिवार को झमाझम बारिश के बीच नया टोला के पास तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी के पीछे बैठी 35 वर्षीय जुली कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति को हल्की चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना रेफर किया गया.
पीछे से टक्कर मारकर चालक हुआ फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दंपती वृंदावन कॉलोनी से अपने घर जक्कनपुर लौट रहे थे. नया टोला के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर को जब्त कर लिया. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी गुलाम शहबाज आलम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके.
अतिक्रमण और बदहाल सड़क बने हादसों की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि एम्स मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों के पीछे केवल तेज रफ्तार वाहन ही नहीं, बल्कि वर्षों से फैला अतिक्रमण भी बड़ी वजह है. सड़क के दोनों किनारों पर कई दुकानदारों ने राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन तक कब्जा कर रखा है. कहीं बिरयानी और चिकन की दुकानें सड़क तक फैली हैं तो कहीं अस्थायी दुकानें और ढांचे बने हुए हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों के सुरक्षित आवागमन में परेशानी होती है.
बारिश में गड्ढे बन रहे हादसों का कारण
स्थानीय लोगों ने बताया कि नया टोला और एम्स के आसपास सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे हैं. बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती. ऐसे में तेज गति से गुजरने वाले भारी वाहन और दोपहिया चालक दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं.
स्थायी समाधान की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद, सड़क निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन पर अतिक्रमण हटाने में लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है.
लोगों ने प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाने, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने और इस व्यस्त मार्ग पर नियमित यातायात निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लगाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










