बिहार में सम्राट अशोक जयंती पर भाजपा के समारोह में जुटे भाजपा के दिग्गज, जदयू का कार्यक्रम आज

सम्राट अशोक की जयंती को लेकर भाजपा और जदयू पटना में अलग-अलग कार्यक्रम कर रही है. शुक्रवार को भाजपा के आयोजित कार्यक्रम में यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य भी शरीक हुए. जदयू आज शनिवार को कार्यक्रम का आयोजन करेगी.
बिहार में भाजपा और जदयू सम्राट अशोक की जयंती को लेकर अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन कर रही है. शुक्रवार को भाजपा ने कार्यक्रम किया जबकि जदयू सम्राट अशोक की जयंती समारोह का आयोजन आज शनिवार को करेगा. राजधानी पटना के बापू सभागार में भाजपा के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शरीक हुए.
राजधानी पटना के बापू सभागार में भाजपा द्वारा आयोजित सम्राट अशोक जयंती समारोह को संबोधित करते हुए यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2014 और 2019 की तरह 2024 में भी पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा प्रचंड जीत हासिल करेगी. सम्राट अशोक ने अखंड भारत की जो सीमा रेखा बनायी थी, उनके सपनों को पूरा करने का काम नरेंद्र मोदी के अलावा कोई दूसरा नहीं कर सकता. वे पुरखों के अंश के रूप में इस धरती पार आये हैं. दुनिया के बड़े मंचों पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को युद्ध नहीं, बुद्ध का संदेश दिया. हम शांति के पक्षधर तो हैं, पर हमारी सीमाओं का अतिक्रमण करने का प्रयास करेगा, तो करारा जवाब मिलेगा.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रम संयोजक सह पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि चक्रवर्ती अशोक सम्राट ने अखंड भारत का जो सपना देखा था, पीएम मोदी उसे ही पूरा कर रहे हैं. देश के सबसे बड़े राजा को पहली बार भाजपा ने सम्मानित करने का काम किया. इसके लिए उन्होंने भूपेंद्र यादव, केशव प्रसाद मौर्य और डॉ संजय जायसवाल का विशेष आभार जताया.
Also Read: आरा में बालू पर वर्चस्व को लेकर गरजी बंदूकें,
खबर छापने को लेकर पत्रकार के घर पर फायरिंग करने वाला धराया
मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 2016 में पहली बार भाजपा के झंडे तले सम्राट अशोक की जयंती व ध्वजारोहण का काम हुआ. सम्राट अशोक की प्रेरणा को आगे बढ़ाने के लिए ही बिहार सरकार हर निकायों में भव्य सम्राट अशोक भवन का निर्माण करा रही है. उन्होंने समाज के लोगों को संकल्प दिलाया कि पीएम मोदी को उनका आशीर्वाद मिलता रहेगा.
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा सम्राट अशोक के बताये अखंड स्वरूप को मानती है. साथ ही आजादी के बाद भारत का जो हिस्सा है, उसे लेने की इच्छा भी रखती है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि उस काल में शिक्षा और यातायात व्यवस्था की जो परिकल्पना की, वह विलक्षण है. संकल्प लेकर हमें उनके बताये मार्ग पर चलना चाहिए.
जदयू शनिवार को पटना के गांधी मैदान के पास श्रीकृष्ण स्मारक भवन में सम्राट अशोक की जयंती समारोह का आयोजन करेगा. इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है. इस समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जदयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सविप उपेंद्र कुशवाहा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा सहित अन्य वरीय नेता उपस्थित रहेंगे. यह जानकारी प्रदेश कार्यालय सचिव संजय कुमार सिन्हा ने दी.
POSTED BY: Thakur Shaktilochan
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




