राजधानी से 24 घंटे में अवैध होर्डिंग हटाएं और अवैध पार्किंग को बंद करें : विजय सिन्हा

Updated:
विज्ञापन

विजय कुमार सिन्हा ने पटना नगर क्षेत्र में अवैध रूप से लगे सैकड़ों होर्डिंग्स और अवैध रूप से संचालित पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है.

विज्ञापन

संवाददाता,पटना. उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना नगर क्षेत्र में अवैध रूप से लगे सैकड़ों होर्डिंग्स और अवैध रूप से संचालित पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा है कि कि पटना हाइकोर्ट में लंबित मामलों को छोड़ कर शेष सभी अवैध होर्डिंग 24 घंटे के भीतर हटायें और अवैध पार्किंग तत्काल प्रभाव से बंद करायी जाये. उपमुख्यमंत्री ने सख्त शब्दों में कहा कि अवैध होर्डिंग और अवैध पार्किंग के नाम पर चल रही माफियागिरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. इससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है. इसमें जो भी व्यक्ति या समूह संलिप्त होंगे उनपर कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने पूछा की 15 दिन पूर्व विभाग द्वारा जारी आदेश पर क्या कार्रवाई हुई. अधिकारियों ने बताया कि अब तक 18 अवैध होर्डिंग हटायी जा चुकी हैं. अधिकारियों ने बताया कि पटना में अवैध होर्डिंग के लगभग 20 मामले हाइकोर्ट में लंबित हैं. इस पर उपमुख्यमंत्री ने इन मामलों की जल्द सुनवाई के लिए महाधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट से अनुरोध किये जाने का निर्देश दिया, ताकि कार्रवाई में विलंब न हो. उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राजस्व संरक्षण और शहरी व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में एक सख्त और निर्णायक कदम है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाये और प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा की जाये.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन