17 पीडीएस दुकानदारों ने दो हजार क्विंटल से अधिक अनाज को अधिक कीमत में बाजार में बेचा

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 29 Jul 2022 10:14 PM

विज्ञापन

लाखों रुपये की हुई हेराफेरी, कोतवाली, जक्कनपुर, दीघा, गर्दनीबाग, रामकृष्णानगर, श्रीकृष्णापुरी थाने में अलग-अलग पीडीएस दुकानदारों व इ-पॉस मशीन नॉमिनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज.

विज्ञापन

पटना सदर के 17 पीडीएस दुकानदारों ने गरीबों के लाखों की कीमत का दो हजार क्विंटल से अधिक अनाज को अधिक कीमतों में बाजार में बेच दिया है. इसका खुलासा उस समय हुआ जब जिला प्रशासन की टीम ने जिले के 26 जुलाई से लेकर 29 जुलाई के बीच में 477 पीडीएस दुकानों की जांच की. इसके बाद इन पीडीएस दुकानदारों व इ-पॉस नॉमिनी के खिलाफ में कोतवाली, जक्कनपुर, गर्दनीबाग, रामकृष्णानगर, दीघा व श्रीकृष्णापुरी थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है. साथ ही एसडीओ के स्तर से इन सभी दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. अगर इनका जवाब सही नहीं पाया गया, तो फिर इनके लाइसेंस को रद्द कर दिया जायेगा. कोतवाली, जक्कनपुर, श्रीकृष्णापुरी व अन्य थाने की पुलिस ने मामला दर्ज किये जाने की पुष्टि की और बताया कि कार्रवाई की जा रही है.

दो हजार क्विंटल से अधिक अनाज बाजार में बेचा

बताया जाता है कि पीडीएस दुकानदारों द्वारा गड़बड़ी किये जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इसके बाद जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह के निर्देश पर जिले 477 पीडीएस दुकानों की जांच करायी गयी. आपूर्ति निरीक्षकों की कई टीमों ने अलग-अलग इलाकों की पीडीएस दुकानों की जांच की. इस दौरान अनाज वितरण के लिए उपयोग में लायी जाने वाली इ-पॉस मशीन की जांच की गयी, जिसमें यह पाया गया कि पॉस मशीन में अनाज की मात्रा अधिक थी, जबकि गोदाम में काफी कम अनाज रखा था. इससे यह स्पष्ट हो गया कि पीडीएस दुकानदारों ने उन अनाजों को बाजार में अधिक कीमत पर बेच दिया. इसके बाद आपूर्ति निरीक्षकों ने दुकान से संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज करा दी. जानकारी के अनुसार, सभी पीडीएस दुकानों को अगर जोड़ दिया जाये तो करीब दो हजार क्विंटल से अधिक अनाज को दुकानदारों ने बाजार में बेच दिया.

न्यू मार्केट सीसी स्टोर में 89.61 क्विंटल गेहूं व 158.60 क्विंटल चावल था कम

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाने के न्यू मार्केट में आपूर्ति निरीक्षकों की टीम ने संतोष कुमार की पीडीएस दुकान सीसी स्टोर की जांच की. इस दुकान से हाल में ही एक और पीडीएस दुकान विजय मिनी स्टोर को भी जोड़ा गया था. क्योंकि विजय मिनी स्टोर के पहले के दुकानदार के लाइसेंस को रद्द कर दिया गया था. टीम ने दुकान में रखे दो इ-पॉस मशीन की जांच की. इस दौरान जांच में पाया गया कि दुकान के गोदाम में सभी योजनाओं के 92.61 क्विंटल गेहूं व 162.10 क्विंटल चावल होना चाहिए था. लेकिन गोदाम में मात्र छह बोरा गेहूं व सात बोरा चावल अर्थात 3.50 क्विंटल ही अनाज था. उक्त दुकान के इ-पॉश मशीन के नॉमिनी में राजेंद्र कुमार गुप्ता का नाम था. इसके बाद आपूर्ति निरीक्षक की टीम ने कोतवाली थाने में दुकानदार संतोष कुमार व नॉमिनी राजेंद्र कुमार गुप्ता के खिलाफ में प्राथमिकी दर्ज करा दी. कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किये जाने की पुष्टि की.

श्रीकृष्णापुरी थाने में 160 क्विंटल अनाज का गबन करने का मामला दर्ज

श्रीकृष्णापुरी थाने में न्यू पुनाईचक इलाके के पीडीएस दुकानदार सुशीला देवी व उसके बेटे नयन कुमार के खिलाफ 160 क्विंटल चावल व गेहूं का गबन करने का मामला दर्ज कराया गया है. श्रीकृष्णापुरी थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. जक्कनपुर थाने के जयप्रकाश नगर में पीडीएस दुकानदार पर मामला दर्ज कराया गया है. जक्कनपुर थानाध्यक्ष सुदामा प्रसाद सिंह ने बताया कि आपूर्ति निरीक्षक के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इ-पॉश मशीन व गोदाम में रखे अनाज की मात्रा में अंतर होने के कारण मामला दर्ज कराया गया है. इधर, पटना सदर एसडीओ नवीन कुमार ने बताया कि अगर दुकानदारों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके लाइसेंस को रद्द करने की कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन