पटना सिटी में घर के बाहर बात कर रहे युवक पर निहंगों ने तलवार से किया जानलेवा प्रहार, दो उंगलियां कटीं, FIR दर्ज

Updated:
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में दोनों निहंग

पुलिस की गिरफ्त में दोनों निहंग

Patna Crime : पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र में एक युवक पर दो निहंगों ने तलवार से हमला कर दिया. इस हमले में युवक की दो उंगलियां कट गईं. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

Patna Crime : पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र स्थित हरिमंदिर गली में बुधवार देर शाम दो निहंगों ने 45 वर्षीय गुरु चरण सिंह लांबा उर्फ अंटू सिंह पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में उनकी दाहिने हाथ की दो अंगुलियां कट गईं. गंभीर रूप से घायल अंटू सिंह को इलाज के लिए एम्स पटना में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है.

घर के बाहर बातचीत के दौरान हुआ हमला

घायल गुरु चरण सिंह लांबा और उनके परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वह अपनी कॉस्मेटिक दुकान बंद करने के बाद घर के सामने चचेरे भाई सुरजीत सिंह बेदी और पड़ोसी बबलू के साथ बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान दो निहंग वहां पहुंचे और उन्हें वहां से हटने के लिए कहा.

अंटू सिंह ने बताया कि उन्होंने यह कहते हुए जाने से इनकार कर दिया कि वहीं उनका घर और दुकान है. इस बात पर दोनों निहंग नाराज होकर वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटे और तलवार निकालकर हमला कर दिया.

बचाव के दौरान कटी दो अंगुलियां

परिजनों के अनुसार, आरोपितों ने सिर पर वार करने की कोशिश की. बचाव में अंटू सिंह ने हाथ आगे किया, जिससे तलवार उनके दाहिने हाथ पर लगी और दो अंगुलियां पूरी तरह कट गईं. चचेरे भाई सुरजीत सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उन पर भी हमला किया गया. हालांकि वह बाल-बाल बच गए.

लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा, पुलिस को सौंपा

हमले के बाद दोनों आरोपित मौके से भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उनका पीछा कर पकड़ लिया और चौक थाना पुलिस के हवाले कर दिया.

पंजाब के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी रंजीत सिंह के पुत्र जोधा सिमरण सिंह और गुरदासपुर निवासी स्वर्गीय गुरुपाल सिंह के पुत्र सुखमनप्रीत सिंह के रूप में हुई है. घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों निहंग पटना साहिब में कहां ठहरे हुए थे और उनके शहर आने का उद्देश्य क्या था.

इसे भी पढ़ें: 'जदयू को मिलीं 85 सीटें, अब तो संन्यास ले लें', बिहार बीजेपी चीफ ने बिना नाम लिए पीके पर बोला हमला


विज्ञापन
Amitabh Srivastav

लेखक के बारे में

By Amitabh Srivastav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन