पटना पुलिस झारखंड में अरेस्ट, लड़की की तलाश में बोकारो गई थी टीम! गोली चलाने के बाद हुई कार्रवाई

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 14 Apr 2025 9:51 AM

विज्ञापन

पटना पुलिस झारखंड में गिरफ्तार

Bihar Police: पटना पुलिस की एक टीम पर झारखंड के बोकारो में छापेमारी के दौरान गोली चलने का आरोप लगा है. अगवा लड़की की तलाश में पहुंची टीम की गोली से दो बेकसूर लोग घायल हो गए. घटना के बाद झारखंड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस की टीम को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है.

विज्ञापन

Bihar Police: झारखंड के बोकारो में रविवार को पटना पुलिस की एक टीम द्वारा गोली चलाने की घटना से हड़कंप मच गया. अगवा लड़की की तलाश में निजी गाड़ी से बोकारो पहुंची गर्दनीबाग थाने की टीम पर आरोप है कि जांच के दौरान गोली चल गई, जिससे दो आम नागरिक घायल हो गए. इस घटना के बाद झारखंड पुलिस ने पटना पुलिस की टीम को हिरासत में ले लिया.

प्राइवेट गाड़ी से बोकारो गई थी टीम

घटना बोकारो के सेक्टर-4 स्थित लक्ष्मी मार्केट के पास की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, पटना पुलिस की एक प्राइवेट गाड़ी से निकली गोली पहले फल विक्रेता विवेक साव के कंधे में लगी और फिर पास खड़े एक अन्य युवक को छूते हुए निकल गई. गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पटना पुलिस की टीम वहां से फरार हो गई.

फल विक्रेता समेत दो को लगी गोली

स्थानीय लोगों ने तत्काल झारखंड पुलिस को सूचना दी. झारखंड पुलिस को प्रारंभिक सूचना मिली कि अपराधियों ने फल विक्रेता पर हमला किया और बिहार की ओर भाग गए. सभी सीमाओं पर अलर्ट जारी कर गाड़ियों की जांच की गई. कोडरमा में दो अर्टिगा गाड़ियों को संदेह के आधार पर रोका गया और पूछताछ में मामला उजागर हुआ. इसके बाद पटना पुलिस के पांच लोगों को हिरासत में लिया गया.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घायल फल विक्रेता को बोकारो के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. उसका भाई अनिल कुमार आरोप लगा रहा है कि गोली मारने से पहले विवेक के साथ बुरी तरह मारपीट भी की गई थी. मामले में बिहार पुलिस के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई है. गर्दनीबाग थाना पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन की पूर्व सूचना आईजी स्तर से दी गई थी. फिलहाल झारखंड पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.

Also Read: बिहार में फर्जी शिक्षक गिरफ्तार, 17 साल बाद बड़ा घोटाला हुआ उजागर

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन