2 जुलाई को होगा पटना मेट्रो का विस्तार, भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक दौड़ेगी मेट्रो, मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

Updated:
विज्ञापन
Patna Metro Extension

2 जुलाई को पटना मेट्रो का होगा विस्तार

Patna Metro Extension : पटना मेट्रो का भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक विस्तार 2 जुलाई को शुरू होगा. मुख्यमंत्री उद्घाटन के बाद आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक करीब 6 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे. खेमनीचक स्टेशन भी जल्द चालू होने की तैयारी है.

विज्ञापन

Patna Metro Extension : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो सेवा के विस्तारित खंड का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन के साथ ही आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो का नियमित परिचालन शुरू हो जाएगा. इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

अब 6 किलोमीटर तक मिलेगी मेट्रो सेवा

राज्य सरकार ने पटना की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लगभग 13,365 करोड़ रुपये की लागत से पटना मेट्रो परियोजना शुरू की थी. प्रथम चरण के पहले कॉरिडोर में 6 अक्टूबर 2025 को आईएसबीटी से भूतनाथ तक करीब 3.2 किलोमीटर लंबे हिस्से पर परिचालन शुरू हुआ था. अब भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक करीब तीन किलोमीटर के विस्तार के साथ यात्रियों को आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक लगभग छह किलोमीटर की मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी.

मलाहीपकड़ी के बाद भूमिगत मार्ग पर जाएगी मेट्रो

विभाग के अनुसार मलाहीपकड़ी के बाद मेट्रो भूमिगत मार्ग से संचालित होगी. यह पीएमसीएच, गांधी मैदान, डाकबंगला होते हुए पटना जंक्शन तक पहुंचेगी. इस हिस्से में राजेंद्र नगर, मोइन उल हक स्टेडियम, पटना साइंस कॉलेज, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी सहित छह भूमिगत स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है.

खेमनीचक स्टेशन भी जल्द होगा शुरू

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भूतनाथ और मलाहीपकड़ी के बीच खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है. इसे अगले एक पखवाड़े के भीतर यात्रियों के लिए शुरू करने की तैयारी चल रही है. इसके बाद मेट्रो मीठापुर, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, करबिगहिया होते हुए पटना जंक्शन तक पहुंचेगी.

बेहतर यातायात सुविधा देने का प्रयास

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने कहा कि भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो सेवा का विस्तार होने के बाद लोगों को आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक करीब छह किलोमीटर की दूरी तक आधुनिक और सुगम यातायात सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि पटनावासियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है.

इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन