Bihar Train News: पंजाब मेल में पकड़ा गया फर्जी टीटीई, अंग्रेजी शराब के साथ बिहार में हुआ गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
bihar fake tte news| Fake TTE caught with English liquor in Punjab Mail

सांकेतिक तस्वीर

Patna Junction: पटना रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान रेल पुलिस ने एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से अंग्रेजी शराब, फर्जी नेम प्लेट, मोबाइल और टीटीई की वर्दी बरामद हुई है. वह एसी कोच में खुद को रेलवे अधिकारी बताकर सफर कर रहा था.

विज्ञापन

Patna Junction: पटना जंक्शन पर रेल पुलिस ने सोमवार को चेकिंग अभियान के दौरान एक फर्जी टिकट चेकिंग अधिकारी (टीटीई) को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. यह गिरफ्तारी डाउन पंजाब मेल के वातानुकूलित कोच ए-वन से हुई, जहां वह खुद को रेलवे का अधिकारी बताकर यात्रा कर रहा था. उसके पास से 18 लीटर अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, फर्जी नेम प्लेट, और काला रंग का टीटीई कोट बरामद किया गया है.

पहचान पत्र मांगने पर भागने लगा टीटीई

रेल पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई सुरक्षा अभियान के तहत की गई थी, जिसका उद्देश्य ट्रेनों में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना है. एसी कोच में जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रॉली बैग दिखाई दिया, जिसे लेकर यात्रियों से पूछताछ की गई. तभी एक व्यक्ति ने खुद को टीटीई बताते हुए बैग पर दावा किया. जब उससे पहचान पत्र मांगा गया, तो वह दस्तावेज नहीं दिखा पाया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा.

जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत उसे पकड़ लिया. पूछताछ और बैग की तलाशी में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप, मोबाइल, टैबलेट, और रेलवे अधिकारी जैसा पहनावा मिलने पर सच्चाई सामने आ गई.

टीटीई का भेष बनाकर करता था शराब तस्करी

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमनिया थाना अंतर्गत लहुबार गांव निवासी रजनीकांत यादव के रूप में हुई है. वह जालसाजी और शराब की अवैध तस्करी के उद्देश्य से टीटीई का भेष बनाकर यात्रा कर रहा था. पूछताछ में वह बरामद सामानों और अपनी गतिविधियों के बारे में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका.

फर्जी टीटीई को कोर्ट में किया गया पेश

रेल थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. रेल एसपी ने कहा कि ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए अभियान तेज किया गया है और आगे भी इसी तरह की चेकिंग जारी रहेगी.

Also Read: बिहार के किसान उगा रहे थाइलैंड, केन्या और अमेरिका के महंगे आम, 2 हजार से लेकर लाखों रूपये तक है कीमत

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन