पटना: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राज्यपाल और CM ने किया नमन, देश के प्रति योगदान को किया याद
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित राजकीय कार्यक्रम में राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व अन्य मंत्री।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर पटना के पाटलिपुत्रा पार्क में राजकीय समारोह का आयोजन हुआ. राज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
Atal Bihari Vajpayee Death Anniversary: पटना के पाटलिपुत्रा पार्क में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को राजकीय समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में राज्यपाल शैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
कार्यक्रम में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, श्रवण कुमार, राम कृपाल यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने पूर्व प्रधानमंत्री के देश के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और राजनीतिक जीवन को नमन किया.
अटल जी ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता थे : संजय सरावगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी को आज पूरा देश नमन कर रहा है. उन्होंने कहा कि अटल जी ओजस्वी वक्ता, दूरदर्शी राजनेता और अजातशत्रु थे. यही वजह थी कि विपक्ष के नेता भी उनका सम्मान करते थे.
संजय सरावगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश परमाणु संपन्न राष्ट्र बना. उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की, जिसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि अटल जी की जो सोच और कल्पना थी, उसे साकार करने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं.

राजनीति में अटल जी ने खींची ऐसी लकीर, जिसे मिटाना मुश्किल : राम कृपाल यादव
बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर सभी लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व व्यक्ति से कहीं बड़ा था.
राम कृपाल यादव ने कहा कि राजनीति में अटल बिहारी वाजपेयी ने जो लकीर खींची, शायद कोई दूसरा उसे खींच नहीं पाएगा. उनका राजनीतिक जीवन, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सभी दलों के नेताओं के प्रति सम्मान उन्हें भारतीय राजनीति का विशिष्ट व्यक्तित्व बनाता है.

अटल जी के योगदान को किया याद
राजकीय समारोह में नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने नेतृत्व, विचारों और दूरदर्शी नीतियों से भारतीय राजनीति को नई दिशा दी. देश के विकास, आधारभूत संरचना और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.
समारोह के दौरान मौजूद नेताओं और लोगों ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों और राष्ट्र सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
Also Read: पटना: नीतीश कुमार पहुंचे श्री बैकुंठनाथ धाम, मंदिर में की पूजा-अर्चना; लोगो ने किया जोरदार स्वागत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश झा
विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










