Bihar News: पटना में अपराधी बेखौफ, वकील के मुंशी को घर से बुलाया और गोली मारकर कर दी हत्या, अपराधी फरार

राजधानी पटना में अपराधी बेखौफ हो गये हैं. बेउर इलाके में एक वकील के मुंशी को अपराधियों ने घर से बाहर बुलाया और कनपटी में गोली मार दी. मुंशी की मौत मौके पर ही हो गयी.
पटना में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं. पिछले कुछ दिनों से लूट और हत्या के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. इस बार अपराधियों ने एक वकील के मुंशी को निशाना बनाया और घर से बाहर बुलाकर गोली मार दी. मुंशी की मौत मौके पर ही हो गयी. मामला पटना के बेऊर इलाके का है. हत्या के मामले में पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है.
बेऊर थाने के सिपारा गुमटी छठ तालाब के समीप अपराधियों ने एक वकील के मुंशी उमेश कुमार सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी और भाग गये. यह घटना शनिवार रात की है, लेकिन मुंशी का शव किसी राहगीर ने बाद में देखा और फिर हत्या होने की बात प्रकाश में आयी. घटना की जानकारी मिलने पर बेऊर थाने की पुलिस के साथ ही डीएसपी फुलवारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
मुंशी की हत्या का कारण अभी सामने नहीं आ पाया है. पुलिस मामले की जानकारी में जुटी है. बताया जा रहा है कि वकील के मुंशी उमेश सिंह सिपारा में ही किराया पर एक कमरे में रहते थे. उन्हें किसी ने घर से बुलाया और बाहर निकलने पर गोली मार दी. गोली बेहद करीब से सिर में सटाकर मारी गयी है. सिर में दो गोली मारे जाने की बात सामने आयी है. जिसके कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
जानकारी के अनुसार, रात में ठंड के कारण लोगों की गतिविधि कम रही. जिसका फायदा अपराधियों ने उठाया और सुनसान पाकर आसानी से हत्या कर भाग गये. मुंशी उमेश कुमार सिंह सिविल कोर्ट के एक वकील के मुंशी थे. पुलिस तमाम बिंदुओं को लेकर जांच में जुटी है. हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है. वहीं हत्यारा भी पकड़ से बाहर ही है.
Posted By: Thakur Shaktilochan
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




