पटना के बिहटा में रहस्यमयी चोरी! न ताला टूटा, न सेंधमारी; फिर कैसे गायब हुए 17 लाख के जेवर और नकदी?

Updated:
विज्ञापन

बंद गोदरेज से उड़ गए लाखों के जेवर

Patna Crime News : पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में एक बंद गोदरेज से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद रहस्यमय तरीके से गायब हो गए. घटना में न तो ताला टूटा और न ही सेंधमारी के निशान मिले हैं. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और करीबी लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.

विज्ञापन

पटना (बिहटा) से मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Patna Crime News : बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में एक हैरान कर देने वाली चोरी का मामला सामने आया है. यहां एक घर के गोदरेज से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 2 लाख रुपये नकद रहस्यमय ढंग से गायब हो गए. घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि न तो घर में सेंधमारी के कोई निशान मिले हैं और न ही गोदरेज या दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

शादी में जाने की तैयारी के दौरान हुआ खुलासा

पीड़ित जयकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी अपने मायके में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गहने निकालने गोदरेज के पास पहुंचीं. गोदरेज खोलने के बाद जब गहनों की डिब्बियों की जांच की गई तो कई डिब्बियां खाली मिलीं. जांच में पता चला कि करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद गायब हैं. चार सोने के कंगनों में से दो कंगन भी नहीं मिले.

चाबी के इस्तेमाल की आशंका

परिजनों के अनुसार गोदरेज की चाबी हमेशा एक तय स्थान पर रखी जाती थी. उस स्थान की जानकारी केवल परिवार के कुछ सदस्यों और घर में आने-जाने वाले सीमित लोगों को ही थी. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने चुपचाप चाबी का इस्तेमाल कर गोदरेज खोला, जेवर और नकदी निकाल ली तथा बाद में चाबी को उसी जगह रख दिया.

घरेलू सहायिका समेत कई लोगों से पूछताछ

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया. परिजनों ने घर में काम करने वाली महिला पर भी संदेह जताया है. हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने के बाद बिहटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस परिवार के सदस्यों, घरेलू सहायिका और घर में आने-जाने वाले अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके.

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल?

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह सुनियोजित चोरी है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.

बिना ताला टूटे, बिना सेंधमारी और बिना किसी बाहरी घुसपैठ के करीब 17 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी गायब होने की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर गोदरेज तक पहुंचा कौन और लाखों की संपत्ति कैसे गायब हो गई.

इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित

इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन