पटना में छात्रों के प्रदर्शन के बीच बेहोश होकर रोड पर गिरी छात्रा, दौड़ी-दौड़ी पहुंचीं SDPO कोमल मीणा और खुद उठाया
बेहोश छात्रा को उठाकर ले जातीं महिला पुलिसकर्मी
BPSC Student Protest: पटना में BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान डाक बंगला चौराहे पर एक छात्रा अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गई. वाटर कैनन चलता रहा और छात्रा काफी देर तक सड़क पर पड़ी रही, जिसके बाद पुलिस ने उसे उठाकर गाड़ी में बैठाया.
BPSC Student Protest: पटना में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान डाक बंगला चौराहे पर हड़कंप मच गया. प्रदर्शन कर रही एक छात्रा अचानक सड़क पर बेहोश होकर गिर गई.
आपके शहर में
जिस वक्त छात्रा बेहोश हुई, उस समय मौके पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जा रहा था. छात्रा बीच सड़क पर ही पड़ी रही. कुछ देर तक वहां अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
बीच सड़क पर पड़ी रही छात्रा
प्रदर्शन के दौरान छात्रा के बेहोश होने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे उठाने की कोशिश की. हालांकि, शुरुआती तौर पर छात्रा सड़क पर ही पड़ी रही.
वाटर कैनन के बीच छात्रा को सड़क पर पड़ा देखकर वहां मौजूद लोगों की नजर भी उस पर गई. बाद में SDPO (विधि व्यवस्था-2) कोमल मीणा खुद मौके पर पहुंचीं. उन्होंने पुलिसकर्मियों को बुलाया. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने छात्रा को उठाया. उसे टांगकर पुलिस की गाड़ी में बैठाया गया.
CM हाउस घेराव के लिए निकले थे छात्र
BPSC TRE-4 अभ्यर्थी कई मांगों को लेकर सड़क पर उतरे हैं. उनकी मांग है कि TRE-4 में सिर्फ एक परीक्षा कराई जाए. इसके अलावा वे निगेटिव मार्किंग हटाने और 100 फीसदी डोमिसाइल लागू करने की मांग कर रहे हैं.
छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे. प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी. हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ गए.
‘2000 रुपये कर्ज लेकर परीक्षा देने गई थी’
प्रदर्शन के दौरान एक अभ्यर्थी ने अपना दर्द भी साझा किया. उसने बताया कि BPSC AEDO की परीक्षा देने के लिए वह 2000 रुपये कर्ज लेकर सीवान गई थी.
अभ्यर्थी ने कहा कि उसके माता-पिता नहीं हैं. वह काम करने के साथ पढ़ाई भी करती है. सीवान पहुंचने के बाद उसे परीक्षा केंद्र की स्थिति देखकर परेशानी हुई.
उसने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र बेहद खराब जगह पर बनाया गया था. खेत में सेंटर दिया गया था. अभ्यर्थी ने कहा कि ऐसी जगह परीक्षा केंद्र होगा तो छात्र सेटिंग करेंगे ही.
CM से मिलने की मांग पर अड़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्र मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने की मांग कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद ही हो सकता है.
छात्रों ने कहा, “सभी बीमारी का एक ही इलाज है सीएम सम्राट चौधरी.” वे लगातार मुख्यमंत्री से मिलने की मांग पर अड़े रहे.
इस बीच पुलिस की ओर से छात्रों को आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है. बताया गया कि जल्द ही छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल बनाया जाएगा. इसके बाद उसे मुख्यमंत्री आवास ले जाने की बात कही गई है.
DM-SSP ने संभाला मोर्चा
प्रदर्शन को देखते हुए पटना के DM और SSP ने खुद मोर्चा संभाल लिया है. अलग-अलग जगहों पर पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया है. इस बीच छात्र नेता खुशबू पाठक को डिटेन किए जाने की भी खबर सामने आई है. प्रदर्शन के दौरान छात्रा के बेहोश होने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए