पटना के होटल में पिता के सामने बेटी को उठाने की कोशिश, परीक्षा देने आई थी छात्रा

Published by : Paritosh Shahi Updated At : 24 May 2026 7:09 PM

विज्ञापन

सांकेतिक फोटो

Patna Crime: बेगूसराय की एक छात्रा पॉलिटेक्निक परीक्षा देने पिता के साथ पटना आई थी. देर रात होटल के कमरे में घुसे नशे में धुत युवक ने छात्रा को जबरदस्ती ले जाने की कोशिश की. छात्रा के शोर मचाने पर पिता जाग गए और बेटी को बचाया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

Patna Crime: बिहार की राजधानी पटना से कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है. बेगूसराय जिले से पटना में पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा देने आई एक छात्रा को उसके पिता के सामने उठाने की कोशिश की गई. शनिवार की रात को रूपसपुर थाना क्षेत्र के एक होटल में नशे में पूरी तरह धुत एक अपराधी लड़की के कमरे में घुस गया और उसके पिता की मौजूदगी में ही उसे जबरन खींचकर बाहर ले जाने लगा. पीड़ित लड़की ने ऐन वक्त पर शोर मचा दिया, जिससे उसके पिता की आंख खुल गई और वो बच गई.

क्या बोले छात्रा के पिता

इस खौफनाक मंजर को झेलने वाले मजबूर पिता ने जब मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाई तो वे फूट-फूटकर रो पड़े. इस मामले के तूल पकड़ते ही स्थानीय रूपसपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए होटल के एक आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना ने पटना के होटलों में सुरक्षा व्यवस्था और भारी लापरवाही की पूरी पोल खोलकर रख दी है.

रजिस्टर में नहीं भरा डिटेल्स और अंदर से लॉक नहीं था कमरा

पीड़ित पिता ने रोते हुए बताया कि वे अपनी बेटी की बेहतर शिक्षा के लिए उसे पॉलिटेक्निक का एग्जाम दिलाने बेगूसराय से पटना लेकर पहुंचे थे. रात में रुकने के लिए उन्होंने रूपसपुर इलाके के एक होटल को एक हजार रुपये का भुगतान किया था. होटल संचालक ने उनसे पहचान पत्र तो जमा करवा लिया, लेकिन होटल के मुख्य एंट्री रजिस्टर में उनका कोई विवरण दर्ज नहीं किया और सिर्फ दस्तखत कराकर उन्हें कमरा दे दिया.

पिता का आरोप है कि जो कमरा उन्हें दिया गया था, उसकी कुंडी अंदर से पूरी तरह ठीक नहीं थी और कमरा बंद नहीं हो रहा था. रात को करीब 12 बजे के बाद अचानक एक युवक शराब के नशे में पूरी तरह धुत होकर उनके कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हो गया. वह सीधे बिस्तर पर सो रही छात्रा के पास पहुंचा और उसका हाथ पकड़कर घसीटने लगा. जब बेटी डर के मारे जोर-जोर से चिल्लाई, तो बगल में सो रहे पिता की नींद टूट गई. पिता और बेटी ने मिलकर उस बदमाश का डटकर मुकाबला किया, जिसके बाद वह उन्हें छोड़कर वहां से भाग निकला.

पुलिस को फोन करने पर होटल वालों ने दी धमकी

इस अचानक हुए हमले से डरे पिता ने तुरंत पटना में ही रहने वाले अपने सगे भतीजे को फोन लगाकर पूरी बात बताई और आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को भी सूचना दे दी. जैसे ही पुलिस को फोन करने की बात होटल प्रबंधन को पता चली, तो होटल के मालिक और कर्मचारी पीड़ित परिवार को ही सरेआम धमकाने लगे. कुछ देर बाद जब पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घटना की सच्चाई जानने के लिए होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी चाही, तो होटल वालों ने बहाना बना दिया कि उनके सारे कैमरे खराब पड़े हैं.

पिता ने अपने मोबाइल से उस आरोपी युवक का वीडियो बना लिया था, जिसे पुलिस को दिखाने पर पता चला कि वह कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि उसी होटल का स्टाफ है. पिता ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि होटल के कई अन्य कमरों में लड़के-लड़कियां मौजूद थे जो सरेआम शराब पी रहे थे. उन्होंने कहा कि अगर उनका भतीजा वक्त पर नहीं पहुंचता, तो होटल वाले उन्हें जान से मार देते और उनकी बेटी को अगवा कर ले जाते. अगले दिन बेटी की परीक्षा तो थी, लेकिन इस घटना के खौफ और घबराहट की वजह से उसकी पूरी हिम्मत टूट चुकी थी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पुलिस ने आरोपी सत्येंद्र कुमार को किया गिरफ्तार

रविवार को पीड़ित पिता की लिखित शिकायत के आधार पर रूपसपुर थाने में केस दर्ज किया गया है. पटना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वीडियो के आधार पर होटल कर्मी सत्येंद्र कुमार नाम के युवक को दबोच लिया है और उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सिर्फ आरोपी युवक ही नहीं, बल्कि बिना पूरी कागजी कार्रवाई और बिना पहचान पत्र की सही एंट्री किए कमरा देने वाले होटल मालिक और प्रबंधन के खिलाफ भी सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा.

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उस होटल में बिना परमिशन के शराब पार्टियां और अन्य अवैध गतिविधियां चलाई जा रही थीं.

इसे भी पढ़ें: गैंगस्टर के घर पुलिस की तलाशी मामले में पटना SSP ने लिया एक्शन, हाथीदह और पंचमहला के SHO सस्पेंड

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन