हाजीपुर के प्रेमी-प्रेमिका का पटना में आतंक, चेन स्नैचिंग के बाद गांधी सेतु से हो जाते हैं फरार, गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन

बंटी-बबली गैंग का खुलासा

Patna Crime: पटना में चेन स्नेचिंग करने वाले बंटी-बबली का खुलासा हुआ है. पुलिस ने हाजीपुर निवासी युवक की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पटना से हाजीपुर तक लगातार छापेमारी कर रही है.

विज्ञापन

पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Patna Crime: पटना में पिछले कई दिनों से सक्रिय कुख्यात बंटी-बबली की पहचान पुलिस ने पूरी तरह कर ली है. तकनीकी अनुसंधान में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों वैशाली जिले के हाजीपुर का रहने वाला है. पुलिस ने मुख्य शातिर युवक की पहचान स्थापित कर ली है. जांच में यह भी बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि युवक के साथ चेन स्नेचिंग की वारदातों में कंधे से कंधा मिलाकर शामिल रहने वाली लड़की कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि उसकी सगी प्रेमिका है.

आपके शहर में

विज्ञापन

आसान टारगेट देख मारते झपट्टा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये दोनों प्रेमी-प्रेमिका हाजीपुर से एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक पर सवार होकर सीधे महात्मा गांधी सेतु पार कर पटना आते हैं. इसके बाद ये पटना के कई व्यस्त और संभ्रांत थाना इलाकों की गलियों में रेकी करते हुए घूमते हैं. शहर के जिन सुनसान रास्तों या मोड़ों पर इन्हें कोई बुजुर्ग, महिला या आसान टारगेट मिल जाता है, वहां बाइक की रफ्तार धीमी कर युवती पलक झपकते ही गले से सोने की चेन छीन कर हवा में फरार हो जाते हैं.

वारदात कर भाग जाते हाजीपुर

यह शातिर गैंग पटना के शहरी इलाकों में लगातार दो-तीन बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से सीधे जीरो माइल होते हुए हाजीपुर की तरफ सुरक्षित निकल जाता था. इस अंतरजिला गिरोह ने हाल के दिनों में पटना के शास्त्रीनगर, जक्कनपुर और कंकड़बाग जैसे वीआईपी थानों की पुलिस को खुली चुनौती देते हुए चेन स्नेचिंग की ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम दिया है. सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने बताया कि चेन स्नेचिंग करने वाले युवक की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द ही जेल भेजा जायेगा.

आधे घंटे में दो बड़ी वारदातें

बीते शनिवार को इस शातिर युवक-युवती के गैंग ने कंकड़बाग के टेंपो स्टैंड व जगनपुरा मोड़ के समीप पुलिस गश्त को धता बताते हुए महज आधे घंटे के भीतर दो बड़ी चेन स्नेचिंग की घटनाओं को दुस्साहसिक तरीके से अंजाम दिया था. इसके बाद दोनों जीरो माइल से महात्मा गांधी सेतु होते हुए हाजीपुर की ओर रफूचक्कर हो गए थे. इन दोनों ने कंकड़बाग टेंपो स्टैंड के पास सुबह ठीक आठ बजे अशोक नगर रोड नंबर 8 बी के रहने वाले टिंकू कुमार के गले पर झपट्टा मार कर सोने की चेन उड़ाई थी.

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

इस पहली घटना के ठीक बाद गिरोह ने जगनपुरा मोड़ के समीप रहने वाले डॉक्टर रंजीत कुमार को निशाना बनाया और उनके गले से भी सोने की कीमती चेन छीन कर भाग गये. बैक-टू-बैक हुई इन वारदातों के बाद कंकड़बाग पुलिस ने जब इलाके के दर्जनों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला, तो ये दोनों जीरो माइल की ओर तेजी से भागते दिखे. इसके बाद जब महात्मा गांधी सेतु पर लगे अत्याधुनिक सर्विलांस कैमरों को ट्रैक किया गया, तो स्पष्ट हो गया कि दोनों अपराधी हाजीपुर की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं.

युवती छीनती है सोने की चेन

साक्ष्य मिलने के बाद पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाजीपुर पुलिस से संपर्क साधा और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी युवक का पूरा आपराधिक इतिहास खंगाल कर उसकी पहचान कर ली. इस गिरोह की कार्यशैली (एमओ) बेहद शातिर है, जिसमें युवक बेहद चालाकी से भारी भीड़ में भी बाइक को संभालता है और पीछे बैठी युवती बिजली की फुर्ती से पीड़ितों के गले पर झपट्टा मारकर चेन छीनती है. बीते शनिवार को हुई दोनों बड़ी घटनाओं में युवती ने ही मुख्य रूप से आगे बढ़कर सोने की चेन झपटी थी. फिलहाल पुलिस की टीमें दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

Also Read: पटना में DSP ऑफिस के सामने 37 करोड़ की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे 17 बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार और लग्जरी गांड़ियां बरामद

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन