पटना के बिहटा में पूर्व मुखिया संजय यादव मौत मामला, हत्या की साजिश का आरोप, छह पर FIR

पूर्व मुखिया संजय यादव
Patna Crime: पटना के बिहटा में पूर्व मुखिया संजय यादव की संदिग्ध मौत ने नया मोड़ ले लिया है. परिजनों के हत्या की साजिश के आरोप के बाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. करोड़ों की जमीन का विवाद भी जांच के घेरे में आ गया है.
पटना से मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Patna Crime: पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतक के पुत्र सोनल कुमार के आवेदन पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. परिजनों का आरोप है कि पूर्व नियोजित साजिश के तहत संजय यादव की हत्या की गई.
शव मिलने के बाद गांव में मचा था हड़कंप
शुक्रवार सुबह राघोपुर गांव के बधार से संजय यादव का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद हजारों समर्थकों की मौजूदगी में अंतिम यात्रा निकाली गई और पटना के दीघा घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. बड़े पुत्र ने मुखाग्नि दी.
बेटे ने हत्या की साजिश का लगाया आरोप
मृतक के पुत्र सोनल कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पिता राजनीति के साथ-साथ जमीन के कारोबार से भी जुड़े थे. इसी वजह से उनका कई लोगों से विवाद चल रहा था और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं.
शिकायत में कहा गया है कि आरोपितों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत संजय यादव की हत्या की.
शरीर पर सुई के निशानों का भी जिक्र
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि संजय यादव के शरीर पर सुई के कई निशान मिले थे. पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
छह लोगों के खिलाफ दर्ज हुई नामजद प्राथमिकी
बिहटा थाना पुलिस ने मृतक के पुत्र की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. इनमें अल्हनपुरा निवासी गुड्डू यादव, बिशनपुरा निवासी रविराज सिंह, बिहटा निवासी मनीष सिंह तथा राघोपुर निवासी करुणा शंकर मिश्रा, भोला मिश्रा और प्रभा शंकर मिश्रा शामिल हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी आरोपों की जांच शुरू कर दी है.
करोड़ों की जमीन का विवाद भी जांच के घेरे में
संजय यादव की संदिग्ध मौत के मामले में 52 कट्ठा की करोड़ों रुपये मूल्य वाली जमीन का विवाद भी जांच के दायरे में आ गया है. परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी है.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जमीन के एग्रीमेंट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. हालांकि, कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका की चर्चा भी हो रही है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जनप्रतिनिधियों ने परिजनों से की मुलाकात
घटना के बाद पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती, बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव के पुत्र अभिमन्यु यादव, मनेर विधायक भाई वीरेंद्र यादव तथा पूर्व विधायक अनिल सिंह राघोपुर पहुंचे. सभी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की.

मीसा भारती ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
ALSO READ: अपहरण के कुछ घंटों में ही हुई बंटी की हत्या, पांच दिन तक तलाशती रही SIT, जानिए कैसे खुला राज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By करुणा तिवारी
करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










