पटना: बेउर का टॉप-10 अपराधी जीतू गिरफ्तार, लूट-आर्म्स एक्ट समेत 4 संगीन मामलों में था फरार

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तारी आरोपी व जानकारी देते पुलिस अधिकारी

फुलवारी शरीफ पुलिस ने टॉप-10 अपराधियों में शुमार जीतू उर्फ जीतू कुमार को गिरफ्तार किया है. जीतू लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत चार संगीन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था.

विज्ञापन

Patna Crime News : पटना जिले के फुलवारी शरीफ के बेउर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों में शामिल जीतू उर्फ जीतू कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे गर्दनीबाग स्थित कालीवाड़ी मंदिर के पीछे एक झोपड़ी से दबोचा. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बेउर थाने में लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत चार मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था.

गुप्त सूचना पर झोपड़ी में छापेमारी

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को सूचना मिली थी कि बेउर थाने का टॉप-10 अपराधी जीतू कालीवाड़ी मंदिर के पीछे झोपड़ी में छिपा हुआ है. सूचना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी पटना के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक दानापुर-01 के नेतृत्व में बेउर थानाध्यक्ष अफसर हुसैन ने टीम गठित की.

पुलिस टीम ने झोपड़ी की घेराबंदी कर छापेमारी की और जीतू को गिरफ्तार कर लिया. वह एतवारपुर, परसा बाजार थाना क्षेत्र, पटना का रहने वाला बताया गया है. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

लूट समेत चार मामलों में था वांछित

पुलिस के मुताबिक, जीतू के खिलाफ बेउर थाने में वर्ष 2021 में चार मामले दर्ज हुए थे. इनमें लूट, हथियार और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं.

बेउर थाना कांड संख्या 371/21 में धारा 411/34, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज है. इसके अलावा कांड संख्या 357/21, 359/21 और 369/21 में भारतीय दंड संहिता की धारा 392 के तहत लूट के मामले दर्ज हैं.

लंबे समय से पुलिस को थी तलाश

पुलिस के अनुसार, इन सभी मामलों में जीतू वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से फरार चल रहा था. टॉप-10 अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन की जानकारी मिली, जिसके बाद कार्रवाई की गई.

छापेमारी टीम में बेउर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अफसर हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार राय, राहुल दास, विजय कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन